Parbhani Temple Accident : आज शनिवार के दिन महाराष्ट्र से एक बहुत ही दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। परभणी जिले के एक प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में दर्शन करने गए श्रद्धालुओं के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। शनिवार होने की वजह से मंदिर में काफी चहल-पहल थी और लोग पूजा-पाठ में मग्न थे, तभी अचानक वहां चीख-पुकार मच गई। इस भयानक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा
यह पूरी घटना परभणी जिले के मानवत तालुका में स्थित यशवाड़ी देवस्थान की है। वहां के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के गर्भगृह के सामने एक नए सभा मंडप (असेंबली हॉल) का निर्माण काम चल रहा था। आज अचानक उस निर्माणाधीन हॉल की छत भरभराकर नीचे गिर गई। छत गिरते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। इस मलबे की चपेट में आने से 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 32 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मौके पर युद्ध स्तर पर राहत कार्य
हादसे की खबर मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीमें तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गईं। चूंकि शनिवार का दिन था, इसलिए मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ थी। मलबे के नीचे दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। मौके पर कई एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए परभणी जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी है।
नेताओं और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
इस भयानक त्रासदी के बाद जिले के जनप्रतिनिधि और अधिकारी पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गए हैं। परभणी की गार्जियन मिनिस्टर मेघना बोर्डिकर ने पूरी घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने तुरंत जिले के डीएम और एसपी से बात करके मौके पर क्रेन और जरूरी उपकरण भेजने के निर्देश दिए ताकि मलबे को जल्दी हटाया जा सके। इसके साथ ही एनसीपी विधायक राजेश विटेकर और अन्य नेताओं ने भी प्रशासन से संपर्क कर बचाव कार्य में तेजी लाने को कहा है।
यह भी पढ़ें: Gold-Silver Rate: 24 कैरेट का सोना हुआ धड़ाम, 22 कैरेट का भी रेट आया नीचे







