हरियाणा। उरई से हरियाणा गई पुलिस टीम के साथ मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। नूंह जिले के तावड़ू क्षेत्र में हुए इस हादसे में चार पुलिसकर्मियों और एक वादी की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली उरई में दर्ज एक अपहरण मामले की जांच के लिए पुलिस टीम हरियाणा रवाना हुई थी। टीम आरोपियों की तलाश में तावड़ू क्षेत्र पहुंची थी। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस की गाड़ी एक भीषण हादसे का शिकार हो गई।
बताया जा रहा है कि वाहन ओवरटेक करने के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे दूसरे वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
इस दर्दनाक हादसे में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल) और आरक्षी अशोक कुमार (कोतवाली उरई) की मौके पर ही मौत हो गई। इनके अलावा मुकदमे के वादी अमरीक सिंह, जो संगरूर के रहने वाले थे, उन्होंने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांचों की जान जा चुकी थी।
सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर किनारे खड़ा करवा दिया गया है ताकि यातायात सामान्य किया जा सके।
इस मामले में जालौन के एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम अपहरण के एक मामले में दबिश देने हरियाणा गई थी, जहां यह हादसा हो गया।
इस हृदयविदारक घटना पर योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हरियाणा सरकार के साथ समन्वय बनाकर मृतकों के शवों को जल्द से जल्द उनके घर पहुंचाया जाए और सभी जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जाएं।
एक साथ पांच लोगों की मौत से पुलिस विभाग पूरी तरह स्तब्ध है। उरई समेत आसपास के कई जिलों—कन्नौज, कासगंज, रायबरेली और बांदा—में मृतकों के घरों पर मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।





