UP Crime: जौनपुर में पुलिस का ‘ऑपरेशन ऑल आउट’, एक ही दिन में दो एनकाउंटर से थर्राया अपराध जगत, 3 बदमाशों को लगी गोली

Share This Article

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में आज अपराधियों और ‘खाकी’ के बीच सीधी जंग देखने को मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत जौनपुर पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग मुठभेड़ों में चार शातिर अपराधियों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में तीन कुख्यात बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि पुलिस ने अवैध असलहा तस्करी के एक बहुत बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया है।

पहली मुठभेड़ का इनसाइड ट्रैक: मुठभेड़ का पहला दौर थाना सरायख्वाजा और बक्सा की संयुक्त टीम के साथ शुरू हुआ। पुलिस को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में कैश और हथियारों के साथ कुछ बदमाश छुन्छा पुलिया की ओर से गुजरने वाले हैं। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की, मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने खुद को घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियां शातिर अपराधी गुडलक तिवारी और शशांक सिंह उर्फ साहिल के पैर में जा लगीं। मौके से पुलिस ने सवा लाख रुपये की नकदी और दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो ये दोनों बदमाश इलाके में असलहा सप्लाई करने वाले बड़े नेटवर्क के मास्टरमाइंड हैं।

दूसरा एनकाउंटर और पुलिस की दबिश: अभी पहली मुठभेड़ की कार्रवाई चल ही रही थी कि तेजीबाजार और बदलापुर पुलिस ने कलिंजरा पुलिया के पास एक और घेराबंदी कर दी। यहाँ पुलिस का सामना राहुल यादव और उसके साथियों से हुआ। भागने की फिराक में बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में राहुल यादव गोली लगने से घायल हो गया। उसका एक साथी विपिन पाल भागते समय गिरकर चोटिल होने के कारण पकड़ा गया, जबकि एक अन्य आरोपी अतुल सिंह अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहा। इस कार्रवाई में भी पुलिस को 1.30 लाख रुपये कैश और एक विदेशी पिस्टल हाथ लगी है।

बड़ी बरामदगी और खौफ में अपराधी: जौनपुर पुलिस की इस ‘डबल स्ट्राइक’ में कुल मिलाकर 2 लाख 55 हजार रुपये की भारी-भरकम नकदी और आधुनिक पिस्टल समेत तीन अवैध असलहे बरामद हुए हैं। पकड़े गए सभी अपराधियों का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास है, जिसमें हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। सरायख्वाजा के प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय और तेजीबाजार थानाध्यक्ष सतेन्द्र भाई पटेल की इस जांबाज कार्रवाई ने जिले के अपराधियों में दहशत पैदा कर दी है। फिलहाल, घायल बदमाशों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस फरार आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। – डॉ मंगलेश्वर त्रिपाठी, जौनपुर

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This