प्रयागराज, 3 नवंबर 2025: पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्व चैंपियन बनने पर बेटियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व और गौरव का क्षण है।
उमा भारती ने कहा, “महिलाएं हमेशा से सक्षम रही हैं, लेकिन समाज में यह धारणा रही कि वे केवल घर के कामों तक सीमित हैं। आज देश की बेटियां इस सोच को तोड़ते हुए हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।”
महिलाओं की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा
भारती ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने परिश्रम और साहस से यह सिद्ध कर दिया है कि अगर अवसर मिले, तो महिलाएं किसी भी क्षेत्र में सफलता का शिखर छू सकती हैं। उन्होंने कहा, “यह ऐतिहासिक उपलब्धि केवल भारतीय खेल जगत की नहीं, बल्कि हर उस बेटी की जीत है जो अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष कर रही है।”
वन नेशन, वन इलेक्शन पर कही बात
पत्रकारों से बातचीत में उमा भारती ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के मुद्दे पर कहा कि यह व्यवस्था देश और प्रदेश के विकास के लिए आवश्यक है, क्योंकि बार-बार होने वाले चुनाव कई बार विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करते हैं।
यह भी पढ़ें: चित्रकूट में बोलेरो और बस की आमने-सामने टक्कर, एक ही परिवार के तीन की मौत: पांच घायल
गंगा सफाई अभियान पर विशेष जोर
उन्होंने बताया कि कल मंगलवार को प्रयागराज के संगम तट पर हजारों लोग गंगा सफाई अभियान में जुटेंगे, जहां से गंगा की स्वच्छता के लिए एक नया अभियान शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “गंगा केवल नदी नहीं, हमारी संस्कृति की आत्मा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही गंगा की निर्मलता और स्वच्छता का सपना साकार हो सकता है।”
बिहार चुनाव पर योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “पप्पू, टप्पू और अप्पू” वाले बयान पर उन्होंने कहा, “मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करूंगी, लेकिन इतना अवश्य कहूंगी कि बिहार में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है।”
“बेटियों की सफलता पर हर देशवासी को गर्व”
उमा भारती ने कहा, “भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत नारी शक्ति की पहचान है। जब हमारी बेटियां मैदान में जीतती हैं, तो हर घर में उत्सव मनाया जाता है।”
“महिलाएं हमेशा से सक्षम रही हैं। समाज में यह धारणा थी कि वे केवल घर तक सीमित हैं, लेकिन अब बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।”
— उमा भारती, वरिष्ठ नेता भाजपा एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री
रिपोर्ट - उमा शंकर गुप्ता