Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सरसावा कस्बे में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद मकान के अंदर एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर थाना सरसावा पुलिस के साथ जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी भी पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कराई गई।
मृतक अमीन, मां-पत्नी और दो बेटों की मौत
यह दर्दनाक घटना सरसावा कस्बे की कौशिक विहार कॉलोनी की है। यहां रहने वाले अशोक कुमार (40 वर्ष) तहसील में अमीन के पद पर तैनात थे। उनके साथ उनकी मां विद्यावती (70 वर्ष), पत्नी अजिता (37 वर्ष), बड़ा बेटा कार्तिक (16 वर्ष) और छोटा बेटा देव (13 वर्ष) रहते थे। मंगलवार सुबह इन सभी के गोली लगे शव घर के अंदर अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। मकान अंदर से बंद था, जिससे घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

पुलिस जांच में हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि अशोक कुमार ने पहले अपने परिवार के सदस्यों को गोली मारकर मौत के घाट उतारा और इसके बाद खुद भी अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल की स्थिति और मकान का अंदर से बंद होना इस आशंका को मजबूत करता है।
कोविड के बाद से डिप्रेशन में था अशोक कुमार
जांच में यह भी सामने आया है कि अशोक कुमार कोविड संक्रमण के बाद से मानसिक तनाव और डिप्रेशन में चल रहा था। उसका इलाज भी चल रहा था। स्वजन और परिचितों के अनुसार, वह पहले ही अपने परिवार को खाने में नींद की गोलियां मिलाकर दे चुका था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि घटना से पहले परिवार को बेहोश किया गया था या नहीं।
आधी रात के बाद भेजे गए भावुक मैसेज
पुलिस ने मृतक अशोक कुमार का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने घटना से पहले आधी रात के बाद कुछ रिश्तेदारों और स्वजनों को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजे थे। इन मैसेज में आत्मग्लानि और मानसिक पीड़ा से जुड़ी बातें लिखी होने की चर्चा है। हालांकि पुलिस अधिकारी फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक पुष्टि की बात कह रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बनाया AI बेस्ड पालना, बुलंदशहर के छात्र आदित्य कुमार का अनोखा नवाचार
गांव में शिफ्ट होने को लेकर था पारिवारिक तनाव
स्थानीय लोगों और स्वजनों के मुताबिक, अशोक कुमार ने हाल ही में अपने गांव में नया घर बनवाया था और वह परिवार के साथ वहां शिफ्ट होना चाहता था। लेकिन परिवार के कुछ सदस्य इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर घर में तनाव बना रहता था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घर के अंदर से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

एसएसपी का बयान
एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला परिवार की हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मकान अंदर से बंद था और मृतक डिप्रेशन में चल रहा था। सभी तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल है।
यह भी पढ़ें: Mankapur-Ayodhya रेल खंड का दोहरीकरण, 151.24 करोड़ की मंजूरी