अभिनेता Ranveer Singh इन दिनों अपनी फिल्म धुरंधर के बाद इसके दूसरे पार्ट को लेकर चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि अगले महीने धुरंधर 2 रिलीज होने जा रही है। इसी बीच अभिनेता को वॉट्सऐप पर एक धमकी भरा वॉइस नोट भेजे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने रणवीर सिंह से करोड़ों रुपये की फिरौती की मांग की है।

जांच में जुटी मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस के अनुसार, फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की घटना के बाद रणवीर सिंह को यह धमकी भरा वॉइस नोट मिला है। वॉइस मैसेज में अभिनेता से बड़ी रकम की मांग की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और धमकी भेजने वाले की पहचान की जा रही है।

रणवीर के घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
धमकी मिलने की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने रणवीर सिंह के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। घर के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

रणवीर-दीपिका की सोसाइटी में चिंता का माहौल
एक ओर जहां रणवीर सिंह को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई है, वहीं दूसरी ओर रणवीर और दीपिका पादुकोण जिस सोसाइटी में रहते हैं, वहां के निवासियों ने चिंता जाहिर की है। सोसाइटी में बड़ी संख्या में सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों की तैनाती को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है। इस संबंध में सोसाइटी की ओर से पुलिस को एक पत्र भी लिखा गया है।

रोहित शेट्टी के घर हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि 31 जनवरी की देर रात मुंबई के जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के आवास के बाहर अज्ञात बदमाशों ने पांच राउंड फायरिंग की थी। घटना के समय रोहित शेट्टी घर पर मौजूद थे, हालांकि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। मुंबई पुलिस इस मामले की भी गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Rohit Shetty House Firing: देर रात डायरेक्टर के घर के बाहर चलीं 4 गोलियां, जांच में जुटी पुलिस