चेन्नई (तमिलनाडु)। पैन IIT एलुमनाई इंडिया ने भारत सरकार के उपक्रम बाल्मर लॉरी एंड कंपनी लिमिटेड के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य वैश्विक IIT एलुमनाई समुदाय को प्रोफेशनल यात्रा, लॉजिस्टिक्स और रिलोकेशन सेवाओं तक आसान, पारदर्शी और विश्वसनीय पहुँच उपलब्ध कराना है।
यह MoU 18 जनवरी, 2026 को चेन्नई में आयोजित पैन IIT टेक4भारत समिट के दौरान साइन किया गया। पैन IIT एलुमनाई इंडिया की ओर से जनरल सेक्रेटरी अशोक कुमार और बाल्मर लॉरी की ओर से सर्विस बिजनेस के डायरेक्टर रोमोन सेबेस्टियन लुईस ने बोर्ड सदस्यों और एलुमनाई एसोसिएशन के नेताओं की मौजूदगी में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।
यह भी पढ़े: NDRF Foundation Day: PM मोदी ने वीर जवानों को किया नमन, साहस और सेवा की सराहना की
इस रणनीतिक साझेदारी के तहत बाल्मर लॉरी के सर्विस पोर्टफोलियो को पैन IIT पोर्टल पर एक समर्पित इंटरफेस के जरिए जोड़ा जाएगा। इससे भारत और विदेश में रहने वाले IIT एलुमनाई को कॉर्पोरेट और व्यक्तिगत जरूरतों के लिए एक भरोसेमंद डिजिटल मंच मिलेगा।
समझौते के अंतर्गत स्टार्टअप्स और एंटरप्राइज़ के लिए एंड-टू-एंड यात्रा और लॉजिस्टिक्स समाधान, औद्योगिक पैकेजिंग, वेयरहाउसिंग और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय रिलोकेशन सेवाएं शामिल होंगी। खास बात यह है कि एलुमनाई को “विशेष सरकारी यात्रा लाभ (LTC-अनुरूप)” भी मिलेंगे, जिनमें भारत सरकार के विशेष हवाई किराए, न्यूनतम कैंसलेशन शुल्क, मानार्थ भोजन, सीट चयन के विकल्प और 24×7 सहायता शामिल है।
पैन IIT एलुमनाई इंडिया के चेयरमैन प्रभात कुमार ने कहा,
“यह MoU विश्वसनीय राष्ट्रीय संस्थानों के साथ साझेदारी के माध्यम से एलुमनाई को ठोस मूल्य प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बाल्मर लॉरी की सरकार समर्थित सेवाएं और डिजिटल प्लेटफॉर्म, विश्वसनीयता और अनुपालन के साथ एलुमनाई की गतिशीलता, उद्यमिता और पेशेवर विकास का समर्थन करेंगे।”
यह भी पढ़े: BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव: नितिन नबीन करेंगे आज नामांकन, कब होगा औपचारिक ऐलान ?
बाल्मर लॉरी के डायरेक्टर रोमोन सेबेस्टियन लुईस ने कहा कि इस सहयोग के जरिए कंपनी का लक्ष्य “तकनीक-सक्षम और भरोसेमंद समाधान प्रदान करना है, जो एलुमनाई की बढ़ती यात्रा, लॉजिस्टिक्स और व्यावसायिक जरूरतों को पूरा कर सकें।”
इस साझेदारी को IIT एलुमनाई नेटवर्क की बढ़ती पेशेवर और व्यक्तिगत आवश्यकताओं के समर्थन के लिए संस्थागत विश्वास का लाभ उठाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पैन IIT एलुमनाई इंडिया ने कहा कि वह ऐसे सहयोगों के माध्यम से टेक्नोलॉजी आधारित विकास और राष्ट्र निर्माण के अपने मिशन को आगे बढ़ाता रहेगा।