Azamgarh: देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज कटघर में स्थित गीता चाइल्ड केयर अस्पताल में रविवार को चार वर्षीय मासूम की मौत से हड़कंप मच गया। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद अस्पताल को अवैध बताते हुए सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार तरवा थाना क्षेत्र के लोकईपुर गांव निवासी बेचू ने तीन फरवरी को अपने चार वर्षीय बेटे कार्तिक को बुखार की शिकायत पर गीता चाइल्ड केयर अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने डेंगू की आशंका जताते हुए इलाज शुरू किया। शुरूआत में बच्चे की हालत में सुधार बताया गया, लेकिन दो दिन बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

परिजनों ने बच्चे की हालत देखते हुए उसे बड़े अस्पताल रेफर करने की मांग की, लेकिन डॉक्टर ने जल्द ठीक होने का भरोसा दिलाया। रविवार दोपहर इलाज के दौरान कार्तिक की मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना पर पहुंचे डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेंद्र कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल की जांच की। जांच में सामने आया कि गीता चाइल्ड केयर अस्पताल पंजीकृत नहीं है। इसके बाद अस्पताल को तत्काल सील कर दिया गया और वहां भर्ती अन्य मरीजों को लालगंज स्थित 100 शैय्या अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।
भूपेश पांडे, सी ओ लालगंज ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Lucknow: इटौंजा में गोदाम में विस्फोटक मिलने से मचा हड़कंप, गोदाम किया गया सील