बहराइच जरवलरोड मुठभेड़: गौ तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, तीन गिरफ्तार, एक फरार

गौ

Share This Article

बहराइच उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद के जरवलरोड थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गौ तस्कर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल तस्कर सहित कुल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपितों में से दो गोंडा जिले के रहने वाले हैं और इनका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

सूचना के आधार पर जंगल में पहुंची पुलिस टीम       

जरवलरोड थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के मुड़ियाडीह जंगल में कुछ लोग गौवंश का वध कर मांस ले जाने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक पुलिस टीम गठित की गई। इस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक बिंदेश्वरी प्रसाद, उप निरीक्षक दिनेश कुशवाहा तथा आरक्षी शुभांशु, रामसागर, रणजीत सिंह और राजीव यादव शामिल थे। पुलिस टीम रात के समय जंगल क्षेत्र में पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने लगी।

पुलिस पर की गई फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में तस्कर घायल

पुलिस टीम ने जंगल में चार लोगों को कटे हुए जानवर के मांस, बांका और रस्सी के साथ देखा। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो सभी आरोपी भागने लगे। पीछा करने पर आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जाफर निवासी मुड़ियाडीह के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर घायल जाफर समेत हकीम और रिजवान, दोनों निवासी कटरा बाजार, जिला गोंडा के हैं, गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक सिंह और क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डी.के. श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस टीम से पूरी घटना की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की तत्परता और साहस की सराहना की, साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

गौ

मौके से हथियार और गौवंश का मांस बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से निम्न सामग्री बरामद की है—

  • 315 बोर का अवैध तमंचा

  • एक जिंदा कारतूस

  • एक खोखा कारतूस

  • बांका (धारदार हथियार)

  • गौवंश का मांस

बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

यह भी पढ़ें: गणतंत्र दिवस से पहले देशभर में हाई अलर्ट, ड्रोन और पैरा-ग्लाइडर से आतंकी खतरे की आशंका

आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आ रहा है। सभी आरोपितों के खिलाफ गौकशी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फरार आरोपी की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: प्रयागराज माघ मेला 2026: बसंत पंचमी पर संगम में श्रद्धालुओं का सैलाब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

Are You Satisfied DD News UP

Also Read This