2027 assembly elections: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एक अहम बैठक आज होने जा रही है। जहां पार्टी के संगठनात्मक विस्तार से लेकर आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों तक कई बड़े मुद्दों पर मंथन होने जा रहा है। दरअसल, बीजेपी की दो दिवसीय राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक आज से नई दिल्ली में शुरू होने जा रही है।
यह बैठक भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान यानी पूसा परिसर (Pusa Parisar) में आयोजित होगी। बैठक की शुरुआत आज शाम 5 बजे होगी। जिसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के करीब 107 राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और संगठन मंत्री शामिल हो सकते हैं।
2 दिनों तक चलने वाली इस बैठक में कुल 5 सत्र प्रस्तावित हैं। जिनमें पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा होगी। खास तौर पर साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई जा सकती है।






