बागपत जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के गांगनौली गांव स्थित मस्जिद में रहने वाले इमाम इब्राहिम की पत्नी और दो मासूम बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में पत्नी इसराना, बड़ी बेटी सोफिया (5 वर्ष) और छोटी बेटी सुमैया (2 वर्ष) शामिल हैं। वारदात ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। घटना उस समय हुई जब इमाम इब्राहिम किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने देवबंद गए हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, मस्जिद में पढ़ाई करने वाले दो नाबालिग छात्रों ने यह जघन्य अपराध किया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी इब्राहिम और उनकी पत्नी इसराना द्वारा की गई डांट-फटकार से नाराज थे। गुस्से में आकर उन्होंने पहले इसराना पर हथौड़ी से हमला किया। जब बच्चियों ने चीखना शुरू किया तो दोनों ने उन पर भी वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद मस्जिद में सन्नाटा पसर गया। कुछ देर बाद जब स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो अंदर का मंजर देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे में तीनों शव लहूलुहान हालत में पड़े थे। सूचना पर पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा। एसपी सूरज कुमार राय और भारी पुलिस बल ने घटनास्थल की घेराबंदी की और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने शव उठाने का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के समझाने पर माहौल शांत हुआ और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी और दो सीसीटीवी डिवाइस भी बरामद की हैं।
डीआईजी कलानिथि नैथानी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरी वारदात की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटना का कारण व्यक्तिगत रंजिश और अनुशासनात्मक डांट-फटकार है। फिलहाल पुलिस इस मामले की तकनीकी और कानूनी जांच कर रही है, ताकि किसी भी तरह की चूक न हो।
इस वीभत्स घटना ने पूरे बागपत जिले को हिला कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी निर्मम वारदात उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। लोगों में भय और गुस्सा दोनों है। प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।
“घटना अत्यंत संवेदनशील और दुखद है। दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तकनीकी और कानूनी जांच की जा रही है ताकि हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।”
— कलानिथि नैथानी, डीआईजी मेरठ
