महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके गृह क्षेत्र बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। अंतिम संस्कार में पवार का पूरा परिवार उपस्थित रहा, जहां उनके दोनों पुत्रों ने उन्हें मुखाग्नि दी। 66 वर्षीय अजित पवार का अंतिम संस्कार दोपहर करीब 12 बजकर 10 मिनट पर विद्या प्रतिष्ठान के खेल मैदान में किया गया।
इससे पहले उनकी लगभग छह किलोमीटर लंबी अंतिम यात्रा सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर उनके पैतृक गांव काटेवाड़ी से बारामती लाया गया, जहां हजारों लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
![]()
अंतिम संस्कार कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे सहित कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं।
इससे पहले अजित पवार की अंतिम यात्रा में भारी जनसमूह उमड़ा। अंतिम यात्रा के दौरान बारामती की सड़कों पर लंबा जाम देखने को मिला। गुरुवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को काटेवाड़ी स्थित आवास लाया गया था, जहां से अंतिम यात्रा निकाली गई।
गौरतलब है कि बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे एक विमान दुर्घटना में अजित पवार का निधन हो गया था। इस हादसे में उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू सदस्य समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई। उनके निधन के बाद महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। शोक अवधि के दौरान राज्यभर की सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
विमान दुर्घटना के मामले में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है। वहीं, एयरक्राफ्ट दुर्घटना जांच ब्यूरो ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट-45 था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर वीटी-एसएसके था। यह विमान वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित किया जा रहा था। बताया गया कि फ्लाइट क्रू ने पहले लैंडिंग के शुरुआती प्रयास को रद्द किया था, जिसके बाद विमान को सुबह 8:43 बजे रनवे-11 पर उतरने की अनुमति दी गई थी।
यह भी पढ़ें: Siddharthnagar Mahotsav: सीएम योगी ने किया ₹1052 करोड़ की 229 परियोजनाओं का शिलान्यास, विकास को मिली रफ्तार