सीएम योगी बोले– एआई तस्वीरों से काशी को बदनाम करने की साजिश, सच से दूर हैं दावे

सीएम

Share This Article

सीएम योगी आदित्यनाथ ने काशी को लेकर फैलाए जा रहे कथित भ्रम पर कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को वाराणसी दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से काशी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टूटी हुई मूर्तियों की एआई से बनाई गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालकर यह झूठ फैलाया जा रहा है कि काशी में मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसे दावे पूरी तरह भ्रामक हैं और इनका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है।

सीएम योगी बोले– काशी अविनाशी है 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी अविनाशी है और काशी के प्रति हर सनातन धर्मावलंबी ही नहीं, बल्कि हर भारतवासी के मन में गहरी श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक आत्मा है। सीएम योगी ने यह भी कहा कि स्वतंत्र भारत में काशी को जो सम्मान, संरक्षण और विकास मिलना चाहिए था, वह आज़ादी के बाद लंबे समय तक नहीं मिल सका।

11 वर्षों में बदली काशी की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ग्यारह से साढ़े ग्यारह वर्षों में काशी ने अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए उसका संवर्धन किया है। इसके साथ-साथ भौतिक विकास के जरिए काशी ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। आज काशी को न सिर्फ देश में, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान मिली है। यह परिवर्तन योजनाबद्ध विकास और मजबूत नेतृत्व का परिणाम है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में काशी का कायाकल्प

सीएम योगी ने कहा कि यह काशीवासियों का सौभाग्य है कि काशी का प्रतिनिधित्व देश की संसद में स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की शुरुआत से ही यह स्पष्ट सोच रही है कि काशी की पुरातन विरासत को सुरक्षित रखते हुए उसे आधुनिक स्वरूप दिया जाए। इसी सोच के तहत बीते ग्यारह–साढ़े ग्यारह वर्षों में काशी के लिए बड़े स्तर पर विकास योजनाएं बनाई गईं और उन्हें जमीन पर उतारा गया।

सीएम

55 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाएं स्वीकृत

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि काशी के लिए अब तक 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं। इनमें से करीब 36 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी होकर लोकार्पित भी हो चुकी हैं, जबकि शेष परियोजनाएं तेजी से प्रगति पर हैं। इन योजनाओं में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दी गई है।

स्थानीय लोगों को आर्थिक मजबूती का लक्ष्य

सीएम योगी ने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। काशी में नए संस्थान खुले हैं, पारंपरिक उद्यमियों के उत्पादों को जीआई टैग के माध्यम से वैश्विक पहचान मिली है। इससे स्थानीय कारीगरों, व्यापारियों और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिले हैं।

श्रद्धालुओं की संख्या में ऐतिहासिक बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 से पहले काशी विश्वनाथ धाम में प्रतिदिन औसतन 5 हजार से 25 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए आते थे। लेकिन आज यह संख्या रोजाना सवा लाख से डेढ़ लाख तक पहुंच चुकी है। सावन, महाशिवरात्रि और अन्य बड़े पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या 6 लाख से 10 लाख तक पहुंच जाती है। केवल पिछले वर्ष ही 11 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए।

यह भी पढ़ें: Ujjain: विराट कोहली और कुलदीप यादव ने महाकाल के दरबार में की भस्म आरती

काशी का देश की जीडीपी में बड़ा योगदान 

सीएम योगी ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम बनने के बाद से अब तक काशी ने देश की जीडीपी में करीब 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपये का योगदान दिया है। इससे गाइड, पुरोहित, व्यापारी, होटल, रेस्टोरेंट, नाविक, टैक्सी चालक और अन्य सेवा क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन हुआ है।

सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार, इनलैंड वॉटरवे से व्यापार को नई दिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज काशी की सभी प्रमुख सड़कें फोर लेन से जुड़ी हैं। यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है और लंबे जाम अब अतीत की बात हो चुके हैं। रेल कनेक्टिविटी में भी बड़ा विस्तार हुआ है। वंदे भारत, अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेन सेवाएं काशी को देश के कई हिस्सों से जोड़ रही हैं।

सीएम योगी ने बताया कि देश में पहली बार वाराणसी से हल्दिया के बीच इनलैंड वॉटरवे विकसित किया गया है। इससे व्यापार और परिवहन के नए रास्ते खुले हैं और काशी की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।

यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी ने हावड़ा-गुवाहाटी के बीच देश की पहली स्लीपर वंदे भारत को दिखाई हरी झंडी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

Are You Satisfied DD News UP

Also Read This