उत्तर प्रदेश में अशोक लेलैंड का पहला इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट, सीएम योगी-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया उद्घाटन

अशोक लेलैंड

Share This Article

उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। देश के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में बड़े वाहनों की अग्रणी निर्माता कंपनी अशोक लेलैंड के इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी भी उपस्थित रहे।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सिंदूर और रुद्राक्ष के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने प्लांट का भ्रमण कर निर्माण सुविधाओं का जायजा लिया। यह प्लांट उत्तर प्रदेश का पहला बड़ा इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है, जिसमें इलेक्ट्रिक बसों और ट्रकों का उत्पादन किया जाएगा।

70 एकड़ में फैला अत्याधुनिक ईवी प्लांट

सरोजनी नगर में 70 एकड़ भूमि पर स्थापित यह प्लांट महज 16 महीनों के रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार हुआ है। यह प्लांट पहले स्कूटर इंडिया की भूमि पर विकसित किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस परियोजना का भूमि पूजन 20 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।

अशोक लेलैंड (हिंदूजा ग्रुप) के इस नवीन विनिर्माण संयंत्र में पहले चरण में 200 इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस यह प्लांट भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है और ईवी सेक्टर में उत्तर प्रदेश को नई पहचान देगा।

अशोक लेलैंड

इलेक्ट्रिक वाहन ही भविष्य: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अशोक लेलैंड को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार उद्योग को हर स्तर पर पूरा सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग एक उभरता हुआ सेक्टर है और इलेक्ट्रिक व्हीकल ही भविष्य है

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया आज ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती से जूझ रही है और ऐसे में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। ईवी सेक्टर में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं और इससे युवाओं को बड़े पैमाने पर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और सकारात्मक औद्योगिक माहौल के कारण आज बड़े निवेशक राज्य की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
“आज का उत्तर प्रदेश उपद्रव नहीं, उत्सव का प्रदेश बन चुका है,” मुख्यमंत्री ने कहा।

यूपी बना एक्सप्रेस-वे और निवेश का हब

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि देश के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का 55 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। सरकार की साफ नीयत और स्पष्ट सोच के कारण प्रदेश को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि विजन 2047 हर भारतीय का संकल्प वर्ष है और उत्तर प्रदेश इस लक्ष्य में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

यह भी पढ़ें: आज लखनऊ दौरे पर रहेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, इलेक्ट्रिक वाहन फैक्ट्री का करेंगे उद्घाटन

ई-बस में सफर कर परियोजना का लिया जायजा

ईवी प्लांट के उद्घाटन के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैक्ट्री में पहुंचकर इलेक्ट्रिक बसों का अंदर से निरीक्षण किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वयं ई-बस में सफर कर परियोजना की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह भी मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी औद्योगिक उपलब्धि

सरकार और कंपनी दोनों ने अशोक लेलैंड के इस ईवी प्लांट को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक इतिहास की बड़ी उपलब्धि बताया है। यह प्लांट न केवल इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण को बढ़ावा देगा, बल्कि राज्य को ग्रीन मोबिलिटी, रोजगार सृजन और औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

अशोक लेलैंड का यह कदम उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख इलेक्ट्रिक व्हीकल हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक मजबूत आधार साबित होगा।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This