बुधवार को Prayagraj में सुभाष चौराहा सिविल लाइंस में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ अल्पसंख्यक समुदाय ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मो. यूनुस खान का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। यह विरोध प्रदर्शन स्थानीय लोगों के लिए भी चर्चा का विषय बन गया। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मो0 युनूस के खिलाफ नारे लगाए और बांग्लादेश में हो रहे अत्याचार को रोकने की मांग रखी। साथ ही पीएम मोदी से मो0 युनूस पर कार्यवाही करने की मांग की और कहा कि हम हिंदू भाईयों के साथ खड़े हैं।
प्रदर्शन में उमड़ी भारी भीड़ और नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान अल्पसंख्यक समाज के लोगों ने “बांग्लादेश हाय हाय-हाय”, “बांग्लादेश होश में आओ”, “हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो-बंद करो”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” जैसे नारे लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन में अशफाक उल्ला खान, मो. इमरान, मो. जुबैर, वसीम मंसूरी, इश्तियाक अब्बासी, सरदार पतविंदर सिंह, मो. कुरील अहमद, मो. अबरार और मो. इकबाल सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने पुतले पर प्रधानमंत्री यूनुस खान की तस्वीर लगाकर उसे जूते से पीटते हुए अपना रोष व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस की सतर्कता भी दिखाई दी, लेकिन प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था।

अल्पसंख्यक समुदाय की मांगें
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे मॉब लिंचिंग, अत्याचार, आगजनी और दुराचार की घटनाओं को लेकर वे चिंतित हैं। उन्होंने सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

यह भी पढ़ें: आर्थिक दुनिया का ध्रुवतारा…रफ्तार में बढ़ता भारत हमारा!