Delimitation Bill 2026: परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर देश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने इन दोनों महत्वपूर्ण मुद्दों से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी दे दी है। सरकार की योजना आगामी संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को पेश करने की है। 30 नवंबर से शुरू होने वाले चार दिवसीय विशेष सत्र में इस प्रस्ताव पर चर्चा और इसे पारित कराने की संभावना है।
लोकसभा सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव
केंद्र सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक, देश के सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा व्यवस्था के मुकाबले 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जा सकती है। इसके साथ ही वर्ष 2051 तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का वर्तमान अनुपात बनाए रखने की योजना है। सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से महिला आरक्षण को वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने का रास्ता साफ हो सकता है।
विशेष सत्र में चार दिन होगी अहम चर्चा
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू के अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को होगी, और वहीं राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को होगी।
इस दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर चर्चा होने और इन्हें दोनों सदनों से पारित कराने की संभावना है। केंद्र सरकार ने सभी सांसदों से अपील की है कि वे विशेष सत्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें, ताकि महत्वपूर्ण विधेयकों पर सार्थक चर्चा हो सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया प्रस्ताव का स्वागत
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट के फैसले का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पास हो चुका है। अब नए प्रस्ताव से इसे 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि होने से 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने इसे महिलाओं को देश की संसद और विधानसभाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से अपील की कि वे इस विधेयक का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को निर्धारित समय सीमा में लागू करना नारी शक्ति के सशक्तिकरण और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें: खरगे की फटकार भी बेअसर! Imran Masood ने मांगी 105+ सीटें, सपा को फिर सुनाया | UP Politics 2027







