UP Khadi Mahotsav 2026 : लखनऊ में शुक्रवार से 10 दिवसीय उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026 की शुरुआत हो गई। गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने महोत्सव का उद्घाटन किया। 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए उद्यमियों और शिल्पकारों ने 150 स्टॉल लगाए हैं। यहां लोगों को खादी के कपड़ों के साथ ग्रामोद्योग से जुड़े कई उत्पाद भी देखने और खरीदने का मौका मिलेगा।
‘धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति’ है महोत्सव की थीम
उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित इस महोत्सव की थीम ‘धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति’ रखी गई है। उद्घाटन के बाद मंत्री राकेश सचान ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और कारीगरों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खादी अब केवल पारंपरिक कपड़ों तक सीमित नहीं है। 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन के साथ आधुनिक डिजाइन और नए परिधानों में भी खादी लोगों को पसंद आ रही है। खासकर युवाओं के बीच खादी की मांग बढ़ रही है। मंत्री राकेश सचान ने कहा कि खादी सिर्फ एक वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का विचार है। महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान खादी को स्वावलंबन का माध्यम बनाया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान से वर्ष 2014 के बाद खादी को नई पहचान मिली है। प्रधानमंत्री अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए भी लोगों को खादी अपनाने और बुनकरों को प्रोत्साहित करने की अपील करते रहे हैं। इससे खादी और इससे जुड़े कारीगरों को समर्थन मिल रहा है।
5 साल में 2,544 करोड़ रुपये का ऋण वितरित
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ ही रोजगार देने वाला बनाना है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है। इससे प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुई हैं और 2.79 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। राकेश सचान के मुताबिक, प्रदेश के सभी 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों में 27,508 स्टॉल लगाए गए। इनके जरिए उद्यमियों ने 161.54 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की।
खादी के कपड़ों पर मिल रही 30 प्रतिशत छूट
मंत्री राकेश सचान ने बताया कि गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर से खादी के कपड़ों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। इसके अलावा अलग-अलग शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र भी खोले जा रहे हैं, ताकि लोगों को खादी उत्पाद आसानी से मिल सकें। उन्होंने लोगों से विवाह और दूसरे मांगलिक आयोजनों में भी खादी के परिधान अपनाने की अपील की। उनके मुताबिक, इससे स्थानीय कारीगरों और बुनकरों को बाजार मिलेगा और पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।
6 दिसंबर तक चलेगा खादी महोत्सव
महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग अनिल कुमार सागर और उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने लोगों से महोत्सव में पहुंचकर खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।





