Constitution Day : संविधान दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लाल पुस्तिका लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि अगर इन लोगों ने संविधान पढ़ा होता तो भ्रम फैलाने की जरूरत नहीं पड़ती। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। इस दौरान उन्होंने भारतीय संविधान को देश का गौरव और सबसे बड़ी ताकत बताया।
संविधान दिवस पर सीएम योगी ने क्या कहा?
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान की उद्देशिका का पाठ किया और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को उनके कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का भी एहसास कराता है।
सीएम योगी ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान निर्माताओं ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत आधार दिया। भारत के संविधान की खासियत है कि शुरुआत से ही प्रत्येक वयस्क नागरिक को मतदान का अधिकार दिया गया। इसमें जाति, क्षेत्र, भाषा और लिंग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया गया।
संविधान भारत का गौरव और सबसे बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक के लिए गर्व का विषय है। यह हमें समान अधिकार देने के साथ ही समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संविधान की मूल भावना को समझना जरूरी है। संविधान में हर नागरिक को बराबरी का अधिकार दिया गया है। यही भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी विशेषता है।
3,955 स्थलों का उद्घाटन, आंबेडकर को सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर और सामाजिक न्याय के अन्य महापुरुषों के योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से महापुरुषों की मूर्तियों, पार्कों और उनसे जुड़े ऐतिहासिक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण का काम कराया जा रहा है। सीएम योगी के मुताबिक, इसी अभियान के तहत प्रदेश में 3,955 स्थलों का उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का सम्मान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके विचारों और योगदान को भी आगे बढ़ाना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब की 125वीं जयंती के अवसर पर वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की पहल की थी।
लाल पुस्तिका लेकर भ्रम फैलाने वालों पर तंज
संविधान दिवस के मंच से सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं। अगर उन्होंने संविधान पढ़ा होता तो उन्हें ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ती। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने की बात भी कही।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी हमला
सीएम योगी ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें भारत रत्न नहीं दिया। वहीं, समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम बदले जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के योगदान और उनके सम्मान को याद रखना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संविधान के मूल्यों को अपनाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की बात कही।
यह भी पढ़ें: Akhilesh Yadav 26 नवंबर को ‘जन-मन घोषणापत्र’ जारी करेंगे | UP Election 2027 | Jan-Man Ghoshna Patra







