Aligarh News : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे 12 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। इनमें चार नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस को इनके पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेज मिले हैं। जांच में सामने आया है कि पकड़े गए लोगों में एक महिला करीब 34 साल पहले अवैध तरीके से भारत आई थी। इसके बाद उसने धीरे-धीरे अपने परिवार के अन्य सदस्यों को भी यहां बुला लिया और पूरा परिवार अलीगढ़ में रहने लगा।
अलीगढ़ पुलिस के मुताबिक, थाना रोरावर की टीम को सूचना मिली थी कि कोतवाली नगर क्षेत्र में कुछ बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और चार नाबालिगों समेत 12 लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने इनके पास से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, बैंक पासबुक और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि ये लोग अवैध तरीके से भारतीय सीमा में दाखिल हुए थे। इसके बाद इन्होंने स्थानीय पते का इस्तेमाल करके भारतीय पहचान से जुड़े दस्तावेज बनवा लिए।
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन दस्तावेजों को बनवाने में किन लोगों ने मदद की थी।
34 साल पहले भारत आई थी महिला
पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने खुद को बांग्लादेश के गयाबांधा जिले का निवासी बताया है। पुलिस के अनुसार, इस परिवार की एक महिला करीब 34 साल पहले अवैध तरीके से सीमा पार करके अलीगढ़ पहुंची थी। इसके बाद उसने अपने परिवार के दूसरे सदस्यों को भी यहां बुला लिया। धीरे-धीरे परिवार के कई लोग अलीगढ़ में रहने लगे। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ सदस्यों का जन्म भी अलीगढ़ में ही हुआ है। पुलिस को पकड़े गए लोगों के मोबाइल फोन से बांग्लादेश में रहने वाले उनके परिजनों से बातचीत और मैसेज के सबूत भी मिले हैं। इससे मामले की जांच में कुछ अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
मजदूरी करके चलाते थे परिवार
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए लोग अलीगढ़ के कोतवाली नगर क्षेत्र के हड्डी गोदाम, भुजपुरा और आसपास के इलाकों में रह रहे थे। इनमें से ज्यादातर लोग मजदूरी का काम करते थे, जबकि एक महिला फैक्ट्री में काम करती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि बांग्लादेश से भारत आए परिवार के कुछ सदस्य वापस अपने देश जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस सभी लोगों से पूछताछ कर रही है।
फर्जी दस्तावेज बनाने वालों की तलाश
इस मामले में पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने बांग्लादेशी नागरिकों को भारतीय पहचान से जुड़े दस्तावेज बनवाने में मदद की। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा था।
बरामद दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है। साथ ही मोबाइल फोन से मिले संपर्क और बातचीत से जुड़ी जानकारियां भी खंगाली जा रही हैं। पुलिस की जांच का फोकस इस बात पर है कि इन लोगों ने फर्जी दस्तावेज कैसे बनवाए और इस पूरे मामले में दूसरे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: Akhilesh Yadav 26 नवंबर को ‘जन-मन घोषणापत्र’ जारी करेंगे | UP Election 2027 | Jan-Man Ghoshna Patra







