Kartik Purnima 2026 : कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गोरखपुर में आस्था और भक्ति का नजारा देखने को मिला। मंगलवार की सुबह राप्ती और रोहिन नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर होते ही लोग परिवार के साथ पवित्र नदियों में स्नान करने पहुंचने लगे। अनुमान के मुताबिक, 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद लोगों ने सूर्य को अर्घ्य दिया और दान-पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
गोरखपुर में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ी भीड़
कार्तिक पूर्णिमा पर गोरखपुर के श्रीराम घाट, श्री गोरक्ष घाट और राजघाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। कई लोग सूर्योदय से पहले ही स्नान के लिए घाटों पर पहुंच गए। राप्ती और रोहिन नदी के तट पर पूरे दिन धार्मिक गतिविधियां देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने नदी में स्नान करने के बाद सूर्य देव को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने सुख-समृद्धि की कामना करते हुए दान-पुण्य भी किया।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने एक दिन पहले ही प्रमुख घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली थीं। घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई थी। मंगलवार सुबह भी नगर निगम के कर्मचारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई के साथ फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया गया। महिलाओं और बच्चों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए थे। वहीं, बैरिकेडिंग के जरिए श्रद्धालुओं को निर्धारित स्थान पर स्नान कराया गया।
श्रीराम घाट, श्री गोरक्ष घाट और राजघाट पर अवर अभियंता दीपक शाह व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए। उन्होंने बैरिकेडिंग, प्रकाश और चेंजिंग रूम का जायजा लिया। जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव भी सफाई निरीक्षकों और अपनी टीम के साथ घाटों पर मौजूद रहे।
परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने किया स्नान
कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों पर परिवारों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी सुबह से ही स्नान के लिए पहुंचने लगे थे। राजघाट पहुंचे मनोज पाण्डेय ने बताया कि परिवार के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान करने की परंपरा उनके यहां वर्षों से चली आ रही है। पवित्र नदी में स्नान करने से मन को शांति मिलती है। वहीं, श्रीराम घाट पहुंचे सुनील यादव ने बताया कि भीड़ से बचने और सूर्योदय के समय स्नान करने के लिए वह सुबह जल्दी घर से निकले थे। श्री गोरक्ष घाट पहुंचे सौरभ, गरिमा और सरोज ने घाटों पर प्रकाश, बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम की व्यवस्था को सुविधाजनक बताया।







