Earthquake Today : नेपाल में मंगलवार सुबह आए भूकंप के झटकों से बिहार और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में लोगों की नींद खुल गई। सुबह करीब 7:02 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 मापी गई। भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में बताया गया है। झटके महसूस होते ही कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।
नेपाल में Earthquake का केंद्र, 5.3 रही तीव्रता
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, मंगलवार सुबह भारतीय समयानुसार 7 बजकर 2 मिनट पर भूकंप आया। इसकी तीव्रता 5.3 दर्ज की गई, जबकि केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में बताया गया है। भूकंप की गहराई करीब 20 किलोमीटर थी। नेपाल के अलावा भारत के कई राज्यों में भी इसके झटके महसूस किए गए। सुबह के समय अचानक धरती हिलने से लोग कुछ देर के लिए घबरा गए।
भूकंप का असर बिहार के कई जिलों में देखने को मिला। समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली, पटना, पूर्णिया, अररिया और सुपौल समेत कई इलाकों में लोगों ने कुछ सेकंड तक कंपन महसूस किया। कई जगहों पर लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए। सुबह का समय होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में मौजूद थे। भूकंप के झटकों के बाद लोगों ने एक-दूसरे से जानकारी साझा की।
दार्जिलिंग और उत्तरी बंगाल में भी हिली धरती
बिहार के साथ पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में भी भूकंप का असर महसूस किया गया। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में लोगों ने झटके महसूस किए। दार्जिलिंग और डुआर्स क्षेत्र में सुबह घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान अचानक आए झटकों से लोग घरों से बाहर निकल आए। ऊंची इमारतों और रिहायशी मकानों में कंपन महसूस होने की खबरें सामने आईं। पड़ोसी देश भूटान में भी झटके महसूस किए जाने की जानकारी मिली है।
An earthquake with a magnitude of 5.3 on the Richter Scale hit Nepal today at 07:02 IST: National Centre for Seismology https://t.co/jgoUgrFvIj
— ANI (@ANI) November 24, 2026
भूकंप के बाद लोगों में दहशत, नुकसान की जानकारी नहीं
सुबह-सुबह आए भूकंप से बिहार और उत्तरी बंगाल के कई इलाकों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। घरों में मौजूद लोग बाहर निकल आए, जबकि मॉर्निंग वॉक और व्यायाम के लिए निकले लोग भी अचानक आए झटकों से हैरान रह गए। फिलहाल नेपाल, बिहार और पश्चिम बंगाल में किसी बड़े संपत्ति नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।






