Kanpur marriage fraud case: कानपुर शहर के बर्रा इलाके से शादी के नाम पर धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर आरोप है कि उसने अपनी पिछली दो शादियों की बात छिपाकर तीसरी शादी की और कुछ ही समय में लाखों के जेवर और नकदी लेकर मायके चली गई। पति की शिकायत पर पुलिस ने महिला, उसके माता-पिता और रिश्तेदारों सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
एक महीने बाद ही जेवर और नकदी लेकर गई मायके
पुलिस के अनुसार, ऑटो सर्वेयर विशाल विश्वकर्मा की शादी 18 मई 2025 को जूही लाल कॉलोनी की रहने वाली प्रगति से हुई थी। विशाल का कहना है कि शादी के करीब एक महीने बाद प्रगति 15 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद लेकर चली गई। पहले तो विशाल को समझ नहीं आया कि ऐसा क्यों हुआ, लेकिन बाद में उसे पत्नी की पिछली दो शादियों का पता चला, जिसे शादी से पहले छिपाया गया था।
पुलिस जांच में सामने आई पुरानी शादियों की कहानी
बर्रा थाना प्रभारी क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि प्रगति ने पहली शादी 20 मार्च 2017 को जूही के बारादेवी इलाके के सोनू विश्वकर्मा से की थी। इसके बाद 23 जून 2017 को उसने इटावा के सुमित बाथम से दूसरी शादी कर ली। दोनों को छोड़ने के बाद उसने विशाल से शादी रचाई, लेकिन इस बारे में उसे कुछ नहीं बताया।
बात करने गए भाइयों से मारपीट और 20 लाख की मांग
विशाल के मुताबिक, जब उसे सच्चाई का पता चला तो वह 13 अगस्त 2026 को अपने छोटे भाई के साथ प्रगति के पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा के घर बात करने गया। आरोप है कि वहां परिवार वालों ने दोनों भाइयों से मारपीट की और प्रगति की मां ने मामला रफा-दफा करने के लिए 20 लाख रुपये मांगे, साथ ही पैसे न देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
21 नवंबर की शाम को पुलिस ने सभी छह आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। जेल जाते वक्त महिला थाने में खूब रोती नजर आई।
यह भी पढ़ें: Hathras Accident : हाथरस में भीषण सड़क हादसा, टेंपो को बस ने मारी टक्कर, 3 की मौत और 4 घायल







