उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (Ghaziabad) में धनतेरस की रात वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका हो गया। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच हुए विस्फोट से चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए, AC क्षतिग्रस्त हो गए और दीवार में दरार आ गई।
धमाके की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल घायल हो गया। घटना के वक्त चौकी के अंदर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इस बीच, सोशल मीडिया पर तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नाम के संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
पुलिस इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है। पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने भी जांच शुरू कर दी है।






