Ayodhya: श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में दीपोत्सव के अवसर पर उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे प्रभु श्रीरामलला की आरती

Ayodhya

Share This Article

Ayodhya: श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में शनिवार को दीपोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस पावन अवसर पर देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक साथ प्रभु श्रीरामलला की भव्य आरती करेंगे। जिसका समय अपराह्न 2:30 बजे से 3:00 बजे निर्धारित किया गया है।

अयोध्या पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव पूज्य स्वामी गोविन्ददेव गिरि जी महाराज द्वारा किया जाएगा। इस धार्मिक समारोह में न्यास की धार्मिक समिति के पांच संत विशेष रूप से सहभागिता करेंगे। साथ ही, संपूर्ण आयोजन व व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन के लिए न्यास के सचिव जगदीश आफले एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र भी उपस्थित रहेंगे।

एक लाख दीपों से जगमग होगा मंदिर परिसर

दीपोत्सव की सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) के सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य कार्यपालक अधिकारी जितेन्द्र मिश्र की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में सभी क्षेत्र प्रभारियों ने अवगत कराया कि शनिवार को दीप प्रज्ज्वलन से जुड़ी समस्त व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इस बार श्रीराम मंदिर परिसर में लगभग एक लाख दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे।

तीन हजार श्रद्धालु बनेंगे ऐतिहासिक क्षण के साक्षी

इस भव्य आयोजन में दीप प्रज्ज्वलन का कार्य न्यास की व्यवस्थाओं से जुड़े करीब 1,500 समर्पित श्रद्धालु संपन्न करेंगे। इसके अतिरिक्त, आमंत्रित परिजनों सहित लगभग 1,500 अन्य श्रद्धालु भी इस उत्सव में शामिल होंगे। इस प्रकार लगभग 3,000 श्रद्धालु परिसर में उपस्थित रहकर इस दिव्य दीपोत्सव के प्रत्यक्ष साक्षी बनेंगे।

सभी आमंत्रित अतिथियों और श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश-पत्र जारी कर दिए गए हैं तथा मंदिर परिसर में दोपहर 12 बजे तक उनका प्रवेश अनिवार्य किया गया है। शुक्रवार की समीक्षा बैठक के दौरान स्वामी गोविन्ददेव गिरि जी महाराज ने की गई तैयारियों पर पूर्ण संतोष व्यक्त करते हुए सभी को दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

सुरक्षा व प्रशासनिक समन्वय के सख्त निर्देश

आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (कानून-व्यवस्था) इन्द्रकांत द्विवेदी तथा पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) विजय शंकर मिश्र ने सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी साझा की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी जितेन्द्र मिश्र ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने और आपस में निरंतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें: दो दिवसीय दौरे पर रामनगरी पहुंचेंगे सीएम योगी, राजतिलक और महाआरती में होंगे शामिल

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This