IMD Weather Update : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी तंत्र सक्रिय होने की जानकारी दी है। विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बन चुका है, जो सोमवार तक एक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इस संभावित चक्रवात के उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर बढ़ने का अनुमान है, जिससे इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है और इसके आगे बढ़ते हुए डीप डिप्रेशन में बदलने के बाद चक्रवाती तूफान का रूप लेने के आसार हैं। अगले दो दिनों के दौरान यह मौसमी प्रणाली और अधिक तीव्र हो जाएगी, जिससे तटीय इलाकों में मौसम में भारी बदलाव देखने को मिलेगा।
इस परिस्थिति को गंभीरता से लेते हुए आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) ने प्रशासनिक अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, एलुरु, और एनटीआर जैसे जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। आम नागरिकों और किसानों को सुरक्षा के लिहाज से पहले से ही सतर्क रहने की सलाह दी गई है, जबकि समुद्र में गए मछुआरों को तुरंत किनारे पर वापस लौटने के निर्देश दिए गए हैं।







