Para Asian Games 2026 : जापान के आची-नागोया में आयोजित पैरा एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों ने अपने अदम्य साहस और उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। प्रतियोगिता के पाँचवें दिन भारत ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में क्लीन स्वीप करते हुए इतिहास रच दिया और तीनों पदक अपने नाम कर लिए।
टी64 वर्ग के तहत भाग लेने वाले स्टार एथलीट सुमित अंतिल ने 72.46 मीटर दूर भाला फेंककर एक बार फिर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनके साथ ही महेंद्र गुर्जर ने टी42 वर्ग में 59.03 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता, जबकि संदीप संजय सरगर ने टी44 वर्ग में 64.48 मीटर का प्रदर्शन कर कांस्य पदक हासिल किया। इन दोनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में नए गेम्स रिकॉर्ड भी कायम किए।
भारतीय खिलाड़ियों के इस स्वर्णिम सफर के साथ देश ने पिछले हांगझोऊ पैरा एशियन गेम्स के 108 कुल पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इस बार भारत के खाते में अब तक कुल 114 पदक आ चुके हैं, जिसमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं।







