Lucknow Sadhana Shrankhla-2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में क्षमता निर्माण आयोग यानी CBC (Capacity Building Commission) की 2 दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला ‘साधना श्रृंखला-2026’ का उद्घाटन किया। 23 और 24 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यशाला में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी शामिल हुए। इस कार्यशाला में उत्तर प्रदेश समेत आठ राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक बनाना और अधिकारियों की कार्यक्षमता को बेहतर करना है। कार्यशाला में संस्थागत नेतृत्व, प्रशिक्षण संस्थानों की मजबूती, संकाय विकास और डिजिटल बदलाव जैसे चार प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हो रही है। साथ ही, सरकारी प्रशिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के इस्तेमाल पर भी जोर दिया जा रहा है।
इस पहल के तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को प्रशासनिक सुधार लागू करने के लिए व्यावहारिक रोडमैप तैयार करने में मदद मिलेगी। मिशन कर्मयोगी (Mission karmayogi) के तहत शुरू की गई इस पहल में UNNATI पोर्टल की भी अहम भूमिका है। यह पोर्टल 700 से ज्यादा सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को एक साझा मंच से जोड़ता है। कुल मिलाकर, इस कार्यशाला का लक्ष्य सरकारी प्रशिक्षण व्यवस्था को तकनीक से जोड़ना और प्रशासन को अधिक कुशल बनाना है।