Dussehra 2026: दिल्ली में इस बार का दशहरा समारोह बेहद खास रहा, जहां देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (Droupadi Murmu) और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) एक साथ नजर आईं। दोनों दिग्गज मंगलवार को द्वारका सेक्टर-10 स्थित श्री रामलीला समिति मैदान में आयोजित भव्य विजयादशमी (Vijayadashami) समारोह में शामिल हुईं। इस दौरान दिल्ली सरकार के मंत्री परवेश वर्मा भी वहां मौजूद रहे। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय और उत्साह से भरा हुआ था।
रावण दहन और राम परिवार की पूजा
समारोह के दौरान सबसे खास पल वह रहा जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पारंपरिक तरीके से तीर चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। यह पल असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक बना, जिसे देखने के लिए मैदान में भारी भीड़ जुटी थी। पुतला दहन से पहले राष्ट्रपति ने मंच पर पहुंचकर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी यानी पूरे राम परिवार की आरती उतारी और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री का खास संदेश
इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मु ने देशवासियों को विजयादशमी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व अधर्म और अन्याय पर धर्म व न्याय की जीत का उत्सव है और रामलीलाओं के माध्यम से लोग भगवान राम के आदर्शों को याद रखते हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन हमें यह प्रेरणा देता है कि सत्य की जीत हमेशा होती है। उन्होंने अपील की कि हमें अपने आस-पास की बुराइयों को खत्म करना चाहिए, नफरत को मिटाकर प्रेम का दीप जलाना चाहिए और देश की तरक्की में अपना योगदान देना चाहिए। इस भव्य आयोजन ने दिल्लीवासियों के लिए विजयादशमी के इस पर्व को और भी यादगार बना दिया।
यह भी पढ़ें: Lucknow Dussehra : ऐशबाग रामलीला में AI का तड़का, डिजिटल हाथी और चलता-फिरता रावण बनेगा दशहरे का आकर्षण