Muzaffarnagar fake currency: मुजफ्फरनगर में बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 26 हजार रुपये के नकली नोट और नोट छापने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, मेरठ-करनाल हाईवे पर नकली करेंसी की सप्लाई की सूचना पर कार्रवाई करते हुए शुभम, महेंद्र और टीनू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में शुभम ने कथित तौर पर बताया कि वेब सीरीज (Web series) देखकर उसे नकली नोट बनाने का विचार आया।
इसके बाद दिल्ली के नरेला स्थित फ्लैट में नोट छापने का काम शुरू किया। आरोपियों ने यूट्यूब से इसकी जानकारी ली थी। नकली नोट बनाने का कागज महाराष्ट्र से मंगाया जाता था। पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
एसएसपी सूरज कुमार राय ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि बुढ़ाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मेरठ-करनाल हाईवे (Meerut-Karnal highway) पर स्थित वाजिद के होटल के बराबर में बुढ़ाना कांधला मार्ग पर ट्यूबवेल के पास खड़े हैं, उनके पास नकली नोट हैं। पुलिस ने वहां तीन आरोपितों को पकड़ कर पूछताछ कर तलाशी ली तो नकली नोट बरामद हुए।
यह भी पढ़ें: Mathura के बाजना गांव में फायरिंग मामले के 2 आरोपी गिरफ्तार | DD News Uttar Pradesh