Lucknow News : लखनऊ के लोकभवन में एक खास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा का भव्य विमोचन किया। इस मौके पर सीएम योगी ने उनके जीवन संघर्षों और व्यक्तित्व की खुलकर प्रशंसा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का जीवन इस बात की मिसाल है कि उन्होंने कभी भी अपने अभावों को अपनी कमजोरी या ढाल नहीं बनने दिया। उन्होंने हमेशा कठिन परिस्थितियों से लड़ने के लिए संघर्ष और पुरुषार्थ के रास्ते को चुना, जिसने उन्हें महानता के शिखर तक पहुंचाया।
संघर्षों से लड़ने की क्षमता ही इंसान को बनाती है बड़ा
सीएम योगी ने आगे कहा कि असली बड़ा वही इंसान होता है जिसमें हर तरह की सम-विषम परिस्थितियों से जूझने और लड़ने का माद्दा होता है। इसी जज्बे के बल पर रामनाथ कोविंद जी ने न सिर्फ तमाम बाधाओं को पार किया, बल्कि देश के सर्वोच्च पद यानी राष्ट्रपति के रूप में पांच साल तक देश की सेवा भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति के एक और खास गुण की सराहना की। उन्होंने कहा कि रामनाथ कोविंद जी ने अपने नाम के अनुकूल हमेशा अपनी जन्मभूमि से गहरा अनुराग बनाए रखा। हर भारतीय को इस बात से सीख लेनी चाहिए कि वह जीवन में चाहे कितनी भी ऊंचाइयों पर क्यों न पहुंच जाए, अपनी जड़ों और जन्मभूमि से हमेशा स्नेह बनाए रखे।
READ MORE : Varanasi News : सीएम योगी का वाराणसी दौरा आज, एयर शो की तैयारियों और विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा







