PM Modi Navsari Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के नवसारी में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए जनसेवा, कार्यकर्ताओं के समर्पण और देशवासियों के कल्याण पर अपनी बात रखी। नवसारी में नए पार्टी कार्यालय का शुभारंभ करने और कार्यकर्ताओं से मिलने के दौरान पीएम मोदी बेहद प्रसन्न नजर आए। इससे पहले उन्होंने वडोदरा में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
सत्ता और संगठन का मूल उद्देश्य
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे लिए ‘आराम हराम है’ केवल एक नारा नहीं है, बल्कि काम करने की एक शैली है। पार्टी का हर कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करता है और लोगों की सेवा के लिए हर संभव प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि सत्ता, संगठन, पद, प्रतिष्ठा और पूरी व्यवस्था केवल जनता की सेवा के लिए ही बनी है। जब समर्पित कार्यकर्ताओं की ऐसी टीम काम करती है, जिसका एकमात्र लक्ष्य 140 करोड़ देशवासियों का कल्याण करना हो, तो देश में बड़ा सकारात्मक बदलाव आता है।
बेटियों की शिक्षा और पुरानी यादें
अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने गुजरात का मुख्यमंत्री रहने के समय के अपने शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि किस तरह वे भीषण गर्मी के दिनों में गांवों का दौरा करते थे, जहां न तो 24 घंटे बिजली मिलती थी और न ही सीलिंग फैन की सुविधा होती थी। वे खुद छोटी बच्चियों का हाथ पकड़कर उन्हें स्कूल ले जाते थे और उनके माता-पिता को बेटियों की पढ़ाई के लिए प्रेरित करते थे। उन्होंने कहा कि यह जमीनी काम बिना किसी मीडिया प्रचार या सुर्खियों के लगातार साल-दर-साल चलता रहा, जिससे समाज में बड़ा सुधार देखने को मिला।
रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गारंटी कर्ज
प्रधानमंत्री ने रेहड़ी-पटरी और हाथ-ठेला चलाने वालों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इन छोटे व्यापारियों को साहूकारों से भारी ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता था। अक्सर 1,000 रुपये मांगने पर सिर्फ 900 रुपये मिलते थे और दिनभर की मेहनत की कमाई ब्याज भरने में चली जाती थी। सरकार ने पीएम स्वनिधि योजना के जरिए बिना किसी गारंटी के बैंक खाते खुलवाए और सीधे कर्ज देने की व्यवस्था की। आज लाखों ऐसे स्ट्रीट वेंडर्स हैं जिन्होंने समय पर पहला कर्ज चुकाया, जिससे उन्हें आगे 30,000 से 50,000 रुपये तक की आर्थिक मदद मिल सकी। उन्होंने कहा कि सेवा कभी व्यर्थ नहीं जाती और समाज मिले सहयोग का कर्ज आशीर्वाद देकर चुकाता है।
स्वच्छता अभियान और विकास की नई रफ्तार
आने वाले त्योहारों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान को और तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव, नवरात्रि और दिवाली के इस सीजन में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। नवसारी में बने नए कार्यालय को लेकर उन्होंने कहा कि यह मुश्किल में फंसे लोगों का सहारा बनना चाहिए। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की। इससे पहले वडोदरा में वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और रेलवे से जुड़े 35,000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास प्रोजेक्ट्स शुरू किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति मिलेगी।







