Lucknow Air Quality : लखनऊ वासियों के लिए एक बेहद गर्व करने वाली और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नवाबों का शहर लखनऊ अब देश का सबसे स्वच्छ हवा वाला शहर बन गया है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत जारी हुए ‘स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026’ में लखनऊ ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। इस शानदार उपलब्धि के लिए लखनऊ नगर निगम को केंद्र सरकार की ओर से 1.50 करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया गया है। खास बात यह है कि लखनऊ ने इस रेस में कई सालों से शीर्ष पर रहने वाले इंदौर शहर को भी पीछे छोड़ दिया है। आइए जानते हैं कि लखनऊ ने यह मुकाम कैसे हासिल किया और शहर में क्या-क्या बदलाव देखने को मिले हैं।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 लखनऊ
नई दिल्ली स्थित इंदिरा पर्यावरण भवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान लखनऊ को इस राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया। लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार और नगर निगम की पूरी टीम ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। 10 लाख से अधिक आबादी वाली कैटेगरी में लखनऊ ने पूरे देश में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस सूची में इंदौर दूसरे स्थान पर रहा, जबकि जबलपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश से इस बार पूरे राज्य में लखनऊ इकलौता शहर है जिसे यह राष्ट्रीय अवार्ड मिला है। पिछले साल लखनऊ 15वें पायदान पर था, लेकिन इस बार शहर ने सीधी छलांग लगाते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया।
पेपर मिल कॉलोनी बना देश का सबसे बेस्ट वार्ड
लखनऊ शहर के साथ-साथ यहां के वार्डों ने भी नया कीर्तिमान स्थापित किया है। लखनऊ के जोन-4 में स्थित वार्ड नंबर-70 (पेपर मिल कॉलोनी) को देश का सबसे अच्छा वार्ड चुना गया है। 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में पेपर मिल कॉलोनी ने पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए इस वार्ड को अलग से 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया है। यह दिखाता है कि लखनऊ में जमीनी स्तर पर वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए कितना बेहतरीन काम हुआ है।
मेयर ने जनता और नगर निगम की टीम को दिया श्रेय
इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जताते हुए मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान मिलना हर लखनऊ वासी के लिए बड़े गर्व की बात है। उन्होंने इसका पूरा श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन, नगर निगम के कर्मचारियों की मेहनत और शहर की जनता के सहयोग को दिया। मेयर ने बताया कि शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ई-वाहनों पर तेजी से काम किया जा रहा है। आने वाले दिनों में लखनऊ नगर निगम की 100 प्रतिशत कचरा गाड़ियां इलेक्ट्रिक होंगी, जिससे प्रदूषण में और भी ज्यादा कमी आएगी।
MORE READ : Lucknow Weather : राजधानी में झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट







