Saudi Arabia में मदीना के नजदीक सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 40 से ज्यादा भारतीयों की मौत की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उमराह के लिए मक्का से मदीना जा रही एक बस डीजल टैंकर से टकरा गई, जिसके बाद बस में आग लग गई और अधिकांश यात्रियों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला। यह हादसा स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे मुफरिआत या मुहरास इलाके में हुआ, जो मदीना से लगभग 160 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। सऊदी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार बस में सवार ज्यादातर यात्री भारत के थे, जिनमें हैदराबाद के कई परिवार भी शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस टक्कर के तुरंत बाद आग की लपटों में घिर गई और कई यात्री सो रहे थे, जिसके कारण उन्हें संभलने और बचने का मौका नहीं मिला। हादसा इतना भीषण था कि मृतकों की पहचान करना भी कठिन हो रहा है। शुरुआती आंकड़ों में कम से कम 42 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जिनमें महिलाओं और बच्चों के भी शामिल होने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुए हादसे से बेहद दुखी हूं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हमारा दूतावास पीड़ितों को हरसंभव मदद प्रदान कर रहा है और सऊदी अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।”
Deeply saddened by the accident in Medinah involving Indian nationals. My thoughts are with the families who have lost their loved ones. I pray for the swift recovery of all those injured. Our Embassy in Riyadh and Consulate in Jeddah are providing all possible assistance. Our…
— Narendra Modi (@narendramodi) November 17, 2025
तेलंगाना सरकार ने भी हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को तुरंत पूरी जानकारी जुटाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुख्य सचिव और डीजीपी को यह पता लगाने का आदेश दिया गया है कि हादसे में कितने यात्री तेलंगाना से थे। अधिकारियों को विदेश मंत्रालय और सऊदी दूतावास से संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही पीड़ित परिवारों को जानकारी देने के लिए राज्य सचिवालय में एक कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें : जम्मू-कश्मीर : बडगाम में भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत
जेद्दाह स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है और टोल-फ्री नंबर 8002440003 सहित कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, ताकि परिवार अपने प्रियजनों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें। दूतावास ने कहा कि राहत और पहचान प्रक्रिया में स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वे दो ट्रैवल एजेंसियों और रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हैदराबाद के कितने लोग इस दुर्घटना का शिकार हुए। ओवैसी ने बताया कि दूतावास के उप मिशन प्रमुख अबु मैथ्यू जॉर्ज ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अपनी संवेदनाएँ व्यक्त की हैं। जयशंकर ने कहा कि रियाद और जेद्दाह में मौजूद भारतीय मिशन पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। रिजिजू ने कहा कि दूतावास अधिकारी लगातार राहत कार्यों में जुटे हैं और पीड़ितों के परिवारों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और सऊदी प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि दुर्घटना के वास्तविक कारण क्या थे। माना जा रहा है कि टैंकर और बस की टक्कर के बाद लगी आग हादसे को और भी गंभीर बना गई। फिलहाल पीड़ितों के परिवारों में शोक और चिंता का माहौल है, जबकि भारत सरकार विदेश मंत्रालय के स्तर पर लगातार सऊदी अधिकारियों से संवाद बनाए हुए है।