बरेली में एक एमबीबीएस छात्र का अपहरण हुआ है, जिसमें चौंकाने वाली बात यह है कि छात्र के ही दोस्त ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर यह घटना अंजाम दी। अपहरणकर्ताओं ने छात्र के पिता से 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। आइए जानते हैं इस पूरे मामले की पूरी जानकारी...
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी इलाके के एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तीसरे वर्ष के छात्र, महाराष्ट्र निवासी गौरव वरपे, को उसके ही दोस्त ने अगवा करवाया। आरोपी ने खुद भी अगवा होने का नाटक किया, लेकिन कानून की पकड़ में आ गया। गौरव के बयान के आधार पर पुलिस ने उसके दो अन्य दोस्तों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी। मामला एक करोड़ रुपये की कथित रकम से जुड़ी अफवाह के इर्द-गिर्द सामने आया है।
महाराष्ट्र के सोनई के रहने वाले गौरव के अलावा पीलीभीत के दिविज और गौरवेंद्र भी उसी मेडिकल कॉलेज में पढ़ते हैं। जानकारी के मुताबिक किसी साथी छात्र ने यह अफवाह फैला दी कि गौरव के बैंक खाते में एक करोड़ से ज़्यादा पैसे हैं। इसके बाद दिविज ने कुछ स्थानीय लोगों के साथ मिलकर गौरव का अपहरण कर उसके खाते की रकम निकालने की साजिश रची। योजना ऐसी थी कि पैसे दूसरे खातों में ट्रांसफर किए जाएं और फिर बाहरी लोग गौरव को ठिकाने लगा देंगे। रविवार को दिविज ने गौरव और गौरवेंद्र को अपने साथ ले जाकर यह कृत्य अंजाम देने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें : हापुड़ में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामी गौकशी बदमाश ढे़र
तीनों स्कूटी पर घूमने निकले थे –
गौरव वरपे के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे वे राधा कृष्ण मंदिर से मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, तभी एक इको कार ने उन्हें ओवरटेक किया। अज्ञात लोग उन्हें कार में ले गए और काफी देर तक इधर-उधर घुमाने के बाद एक जंगली और सुनसान जगह पर ले गए। वहां दिविज ने एक व्यक्ति को ‘सोनू’ कहकर बुलाया।
दिविज ने अपने मोबाइल से गौरव के खाते से 60,000 रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए। उसने गौरव के पिता और दोस्त कपिल को कॉल कर 50 लाख रुपये फिरौती की मांग की। रात करीब 11:30 बजे पुलिस की गाड़ियों की सायरन और रोशनी दिखते ही सभी लोग उसे छोड़कर भाग गए।
थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि गौरव की शिकायत पर दिविज, सोनू और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब दिविज और उसके साथियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।
मचा अपहरण का शोर जब रात में नहीं लौटे छात्र
जब तीनों छात्र शनिवार रात को भी मेडिकल कॉलेज नहीं पहुंचे, तो अफरा-तफरी मच गई और यह खबर फैली कि उन्हें कार में कुछ बाहरी लोगों के साथ देखा गया है। कॉलेज प्रशासन ने तुरंत इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार को सूचना दी, जिन्होंने एसएसपी अनुराग आर्य को अवगत कराया। इसके बाद एसओजी और सर्विलांस टीम लगा दी गई। चूंकि आरोपी नौसिखिए थे, पुलिस ने उनके मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर उनका पीछा किया। घिरते देख बाकी आरोपी गौरव को कार में छोड़कर भाग गए। पुलिस ने पूछताछ में गौरव से पूरी कहानी सुनकर दिविज को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सोमवार रात तक मामले की जांच और जरूरी जानकारी इकट्ठा कर रही थी। बताया गया है कि कार मालिक समेत एक बाहरी व्यक्ति को भी पकड़ा गया है, हालांकि अधिकारी अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे। घटना का मास्टरमाइंड छात्र दिविज ही निकला। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा और सीओ हाइवे शिवम आशुतोष ने बताया कि पीड़ित गौरव वरपे ने शिकायत दर्ज करवा दी है, लेकिन सभी आरोपियों की स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। जल्द ही पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा।