बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने को तैयार हैं। 89 वर्ष की उम्र में भी उनकी ऊर्जा और अभिनय के प्रति समर्पण आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन गया है। उनकी आगामी फिल्म ‘इक्कीस’ (Ikkis) का हाल ही में ट्रेलर रिलीज हुआ है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। फिल्म में धर्मेंद्र के साथ अमिताभ बच्चन के पोते अगस्त्य नंदा भी नजर आने वाले हैं। इस मौके पर अभिनेता सनी देओल ने अपने पिता और अगस्त्य नंदा की तारीफ करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर किया, जिसने फैंस के बीच चर्चा का माहौल बना दिया है।
सनी देओल का भावुक पोस्ट, पिता के प्रति झलका प्यार –
सनी देओल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘इक्कीस’ का ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, “पापा फिर से धमाल मचाने वाले हैं। बहुत अच्छे लग रहे हैं पापा, आपसे प्यार है। प्यारे अगस्त्य, ढेर सारी शुभकामनाएं, आप भी धमाल मचाओगे।”
सनी का यह पोस्ट न सिर्फ उनके पिता के प्रति गर्व को दिखाता है, बल्कि फिल्म को लेकर परिवार की भावनात्मक जुड़ाव को भी सामने लाता है। पोस्ट पर कुछ ही घंटों में लाखों लाइक और हजारों कमेंट आ चुके हैं। फैंस धर्मेंद्र के अभिनय की तारीफ करते हुए लिख रहे हैं कि “ही-मैन कभी बूढ़े नहीं होते। ”वहीं कई लोगों ने अगस्त्य नंदा की तारीफ करते हुए कहा कि “नई पीढ़ी में भी वही जुनून दिखाई दे रहा है।”
सनी ने आगे लिखा कि, “वो इक्कीस का था, इक्कीस का ही रहेगा। दिनेश विजान और मैडॉक फिल्म्स प्रस्तुत करते हैं ‘इक्कीस’, श्रीराम राघवन द्वारा निर्देशित भारत के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की एक अनकही सच्ची कहानी।” उन्होंने बताया कि यह फिल्म दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘इक्कीस’: देशभक्ति और शौर्य से भरी सच्ची कहानी –
फिल्म ‘इक्कीस’ भारतीय सेना के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की जीवन गाथा पर आधारित है, जिन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध में वीरगति पाई थी। उन्होंने महज 21 वर्ष की उम्र में अपनी टैंक रेजीमेंट का नेतृत्व करते हुए दुश्मन की भारी सेना का सामना किया था। उनकी वीरता और समर्पण को आज भी भारतीय सेना सम्मान के साथ याद करती है।
फिल्म के निर्देशक श्रीराम राघवन, जो अपने सस्पेंस और इमोशनल टच के लिए जाने जाते हैं, इस ऐतिहासिक कहानी को आधुनिक सिनेमाई भाषा में पेश किया है। निर्माताओं दिनेश विजान और मैडॉक फिल्म्स ने ‘इक्कीस’ को एक बड़े पैमाने पर तैयार किया है ताकि युवा पीढ़ी को भारत के सच्चे नायकों से परिचित कराया जा सके। धर्मेंद्र इस फिल्म में एक अहम किरदार निभा रहे हैं, जो कहानी की भावनात्मक गहराई को और मजबूत बनाता है।
फिल्म की स्टारकास्ट और शानदार टीम –
‘इक्कीस’ में धर्मेंद्र और अगस्त्य नंदा के अलावा कई प्रसिद्ध कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को और खास बनाती है। इसमें जयदीप अहलावत, सिमर भाटिया, दीपक डोबरियाल, विवान शाह, सिकंदर खेर, और राहुल देव जैसे अभिनेता भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
सनी देओल का वर्कफ्रंट –
सनी देओल खुद भी इस समय अपने करियर के दूसरे सुनहरे दौर में हैं। ‘गदर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद वह कई बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं, जिनमें ‘बॉर्डर 2’, ‘लाहौर 1947’ (आमिर खान के साथ) और ‘गबरू’ शामिल हैं। खास बात यह है कि सनी देओल नितेश तिवारी की ‘रामायण पार्ट 1’ में हनुमान की भूमिका निभाने जा रहे हैं, जो अगले साल दिवाली पर रिलीज होगी।
View this post on Instagram
यह भी पढ़े – कर्ज के बोझ और तलाक के बाद…60 साल की उम्र में अकेली ज़िंदगी जी रही हैं ये मशहूर गायिका