Yogi Cabinet Expansion News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिली है। रविवार, 10 मई को लखनऊ के जन भवन में Yogi Cabinet Expansion की प्रक्रिया पूरी हुई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कुल 6 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह विस्तार सिर्फ सरकार चलाने के लिए नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए बिछाई गई एक सोची-समझी बिसात मानी जा रही है।
चुनावों से पहले अक्सर पार्टियां अपने समीकरणों को दुरुस्त करती हैं और यूपी में बीजेपी ने भी ठीक वैसा ही किया है। चलिए समझते हैं कि इस बार किन चेहरों को जगह मिली है और इसके पीछे की असली वजह क्या है।

मनोज पांडेय और भूपेंद्र चौधरी बने कैबिनेट मंत्री, इन 2 चेहरों का हुआ प्रमोशन
इस मंत्रिमंडल विस्तार में बीजेपी ने हर उस वर्ग को छूने की कोशिश की है, जो आने वाले समय में चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। मंत्रिमंडल में भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वहीं, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत ने राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली है।
पार्टी ने इस विस्तार के जरिए केवल नए चेहरों को ही मौका नहीं दिया, बल्कि दो वहीं दो अन्य मंत्रियों सोमेंद्र तोमर और अजीत पाल का प्रमोशन किया गया है। इन दोनों को अब स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अगर आप गौर से देखें, तो इन नामों में पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल और बुंदेलखंड तक का प्रतिनिधित्व नजर आता है।
![]()
अनुभवी चेहरों पर फिर से भरोसा
भूपेंद्र चौधरी का नाम इस लिस्ट में सबसे ऊपर है। वे यूपी बीजेपी के अध्यक्ष रह चुके हैं और संगठन में उनकी पकड़ बहुत मजबूत मानी जाती है। मुरादाबाद के रहने वाले भूपेंद्र चौधरी जाट समाज से आते हैं। वे पहले भी मंत्री रह चुके हैं, इसलिए उनके अनुभव का फायदा सरकार को सीधे तौर पर मिलेगा।
दूसरी तरफ, मनोज पांडेय का मंत्री बनना उन वादों की पुष्टि करता है जो राजनीति में पर्दे के पीछे किए जाते हैं। रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक मनोज पांडेय सपा के बड़े ब्राह्मण चेहरे थे। राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्होंने पाला बदला था, और अब उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाकर बीजेपी ने अपना वादा निभाया है।
यह भी पढ़ें: PM Modi और Pawan Kalyan की मुलाकात में दिखा कुछ ऐसा, जिसने सोशल मीडिया पर मचा दी हलचल
![]()
विपक्ष के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी!
बीजेपी की रणनीति हमेशा से सोशल इंजीनियरिंग पर टिकी रही है। कृष्णा पासवान, जो फतेहपुर की खागा सीट से विधायक हैं, उन्हें राज्य मंत्री बनाया गया है। 2024 के चुनाव में देखा गया था एक बड़ा हिस्सा सपा की तरफ झुक गया था। कृष्णा पासवान को आगे लाकर बीजेपी उस कमी को पूरा करना चाहती है।
इसी तरह, अलीगढ़ के सुरेंद्र दिलेर को मंत्री बनाकर बाल्मीकि समाज को संदेश दिया गया है। वहीं, हंसराज विश्वकर्मा वाराणसी के जिलाध्यक्ष रहे हैं और अब राज्य मंत्री बन गए हैं। वे पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी से आते हैं। हंसराज विश्वकर्मा के आने से अब वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र से मंत्रियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जो काशी में बीजेपी की पकड़ को और मजबूत करेगा।
प्रमोशन और क्षेत्रीय समीकरण
मेरठ के सोमेंद्र तोमर और कानपुर देहात के अजीत पाल का प्रमोशन भी काफी अहम है। इन दोनों को स्वतंत्र प्रभार देकर बीजेपी ने यह संकेत दिया है कि बेहतर प्रदर्शन करने वालों को संगठन और सरकार में इनाम जरूर मिलता है। कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक कैलाश राजपूत का चयन भी काफी दिलचस्प है। वे उस क्षेत्र से आते हैं जो अखिलेश यादव का गढ़ माना जाता है।
यह Yogi Cabinet Expansion साल 2027 की बड़ी लड़ाई की तैयारी है। बीजेपी ने किसी भी वर्ग या क्षेत्र को अनदेखा नहीं किया है। चाहे वह सपा से आए बागियों को सम्मान देना हो, या फिर नाराज चल रहे कुछ खास तबकों को अपने साथ जोड़ना, इस लिस्ट में सब कुछ संतुलित नजर आता है। अब देखना यह होगा कि ये नए और अनुभवी मंत्री आने वाले समय में जमीनी स्तर पर कितना प्रभाव डाल पाते हैं और क्या ये बदलाव आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी के लिए राह आसान बनाएंगे।



