गुवाहाटी में नई एनडीए सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने जानकारी दी है कि राज्य में नई सरकार के गठन से पहले भाजपा विधायक दल और एनडीए विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक 10 मई को आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन बैठकों में जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी भी शामिल होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विधायक दल के नए नेता का औपचारिक चुनाव करना है, जिसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
दिलीप सैकिया ने कहा कि विधायक दल की बैठक के बाद नए मंत्रिमंडल को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि इस बार मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को भी मौका मिल सकता है। इसे लेकर पार्टी के भीतर चर्चा तेज है और कई नेताओं की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।
भाजपा नेता ने यह भी बताया कि नई एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को सुबह 11 बजे खानापारा स्थित पशु चिकित्सा कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा। पार्टी को उम्मीद है कि इस समारोह में एक लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि गुवाहाटी समेत पूरे असम में नई सरकार को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। लोग शपथ ग्रहण समारोह का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है।
सैकिया के मुताबिक, नरेंद्र मोदी 12 मई को सुबह करीब 10:15 बजे लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच सकते हैं। वहां से प्रधानमंत्री नारेंगी हेलिपैड जाएंगे और फिर सीधे खानापारा स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के अलावा अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। ऐसे में यह समारोह राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
भाजपा और राज्य सरकार दोनों स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पार्टी ने कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखा जा सके।
गुवाहाटी में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर ट्रैफिक, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।






