भारतीय राजनीति में आज एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नाम एक ऐसा रिकॉर्ड कर लिया है जिसे तोड़ना भविष्य में किसी भी नेता के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। दरअसल, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों पदों के कार्यकाल को अगर जोड़ दिया जाए, तो PM Modi अब भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के बरसों पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
सीएम और पीएम के सफर का अनोखा संगम
अगर हम आंकड़ों पर नजर डालें, तो PM Modi ने कुल 8931 दिनों तक सरकार के मुखिया के रूप में काम किया है। इस सफर की शुरुआत 7 अक्टूबर 2001 को हुई थी, जब वे पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। करीब 13 साल तक गुजरात की कमान संभालने के बाद 2014 में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। तब से लेकर आज यानी 22 मार्च 2026 तक, PM Modi का यह सफर बिना रुके जारी है। यह उनके नेतृत्व की निरंतरता और जनता के भरोसे का ही परिणाम है कि वे लगातार तीसरी बार देश का नेतृत्व कर रहे हैं।
![]()
इंदिरा गांधी को पछाड़कर बनाया दूसरा बड़ा स्थान
प्रधानमंत्री के तौर पर भी PM Modi ने कई बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर रहने के मामले में वे अब दूसरे स्थान पर पहुँच गए हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड पार कर लिया है, जिन्होंने 4077 दिनों तक देश की सेवा की थी। आज PM Modi अपने 4318 दिन पूरे कर चुके हैं। हालांकि, जवाहरलाल नेहरू का 6126 दिनों का रिकॉर्ड अभी भी शीर्ष पर है, जिसे पार करने के लिए उन्हें 2029 के बाद भी इस पद पर बने रहना होगा।
![]()
अनुभव और उपलब्धियों से भरा राजनीतिक करियर
पीएम के बारे में एक और दिलचस्प बात यह है कि वे आजाद भारत में पैदा होने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। उनके पास किसी भी अन्य प्रधानमंत्री के मुकाबले मुख्यमंत्री के रूप में काम करने का सबसे लंबा अनुभव है। उनके नेतृत्व में बीजेपी ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में जीत हासिल की। पवन कुमार चामलिंग, जिनका रिकॉर्ड आज PM Modi ने तोड़ा है, उन्होंने सिक्किम में करीब 24 साल तक शासन किया था, उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु का रिकॉर्ड तोड़ा था। अपने कार्यकाल में चामलिंग ने सिक्किम को 100 प्रतिशत ऑर्गेनिक राज्य बनाया और शिक्षा, स्वास्थ्य व बुनियादी ढांचे में सुधार किया। लेकिन अब मोदी जी उनसे एक कदम आगे निकल गए हैं।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “अथक सेवा और अडिग संकल्प से हासिल एक ऐतिहासिक उपलब्धि। भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले शासन प्रमुख बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पोस्ट किया, “एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले सरकार प्रमुख बन गए हैं। गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में भारत का नेतृत्व करने तक, उनकी यात्रा स्थायी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
PM का यह रिकॉर्ड उनकी प्रशासनिक क्षमता और राजनीतिक सक्रियता को दर्शाता है। 24 साल का यह सफर गुजरात की गलियों से शुरू होकर दिल्ली के रायसीना हिल्स तक पहुँचा है। यह केवल दिनों की गिनती नहीं है, बल्कि देश के विकास और गवर्नेंस में उनके लंबे योगदान का प्रतीक है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि वे विकास के और कौन से नए कीर्तिमान स्थापित करते हैं।
यह भी पढ़ें: CM Yogi का बड़ा तोहफा: यूपी को मिले 1228 नए नर्सिंग अधिकारी, स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और मजबूत।


