उन्नाव में पुलिस पर फायरिंग करने वाला लुटेरा मुठभेड़ में घायल, सोने की चेन बरामद

Share This Article

थाना अजगैन क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और लुटेरे के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान रायबरेली जनपद निवासी राकेश श्रीवास्तव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बीते 11 अक्टूबर को एक वृद्धा की हत्या की कोशिश कर उनकी सोने की चेन लूटी थी। मुठभेड़ में आत्मरक्षार्थ की गई पुलिस कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस और लूटी गई चेन बरामद की है।

घटना के संबंध में थाना अजगैन पुलिस ने बताया कि ग्राम बत्तूखेड़ा निवासी श्रीमती शांति देवी (70 वर्ष) पत्नी स्व. बलवंत सिंह ने शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे एक अज्ञात व्यक्ति पर जानलेवा हमले और लूट की तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह अपने घर पर स्थित दुकान पर मौजूद थीं, तभी एक हेलमेटधारी युवक दुकान पर आया और पहले कुछ सामान खरीदा। कुछ ही देर बाद युवक ने दुकान में घुसकर उनका गला दबाने का प्रयास किया और किसी के आने की आहट सुनते ही गले में पहनी सोने की चेन छीनकर भाग गया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इस वारदात के पीछे उनके भतीजे लकी सिंह पुत्र लालबहादुर का हाथ है, जिसने संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से उनकी हत्या की साजिश रची थी। इस तहरीर पर पुलिस ने लकी सिंह और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी हसनगंज के नेतृत्व में अजगैन थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया। लगातार सर्च ऑपरेशन और सर्विलांस की मदद से पुलिस को रविवार तड़के सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी लखनापुर रोड पर बाबा ढाबा के आगे हिम सिटी के पास नहर की पटरी पर मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस टीम बाल-बाल बची और आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके पर पहुंची टीम ने आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम राकेश श्रीवास्तव पुत्र शिवप्रसाद श्रीवास्तव निवासी बेहटाखुर्द कैथना, थाना भदोखर, जनपद रायबरेली बताया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसे लकी सिंह ने अपनी चाची श्रीमती शांति देवी की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी। राकेश ने बताया कि योजना थी कि हत्या को लूटपाट की घटना का रूप दिया जाए ताकि पुलिस को परिवार पर शक न हो।

राकेश ने स्वीकार किया कि वह पिछले पांच दिनों से शांति देवी की दुकान की रेकी कर रहा था। वारदात वाले दिन जब वह अकेली थीं, तभी उसने हमला किया, पर किसी के आने की आहट सुनकर भाग निकला। उसने यह भी बताया कि लूट की गई सोने की चेन उसके पास ही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक फायर किया हुआ खोखा कारतूस, और लूटी गई सोने की चेन व लॉकेट बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि राकेश श्रीवास्तव भदोखर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ लूट, चोरी और डकैती के कई मुकदमे दर्ज हैं।

घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, पुलिस ने फरार मुख्य साजिशकर्ता लकी सिंह की तलाश तेज कर दी है। क्षेत्राधिकारी हसनगंज ने बताया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

इस मुठभेड़ में पुलिस टीम के किसी सदस्य को कोई चोट नहीं आई। एसपी उन्नाव ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल हत्या की साजिश नाकाम हुई, बल्कि एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का भी पर्दाफाश हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

Are You Satisfied DD News UP

Also Read This