दिल्ली से वाराणसी जा रही बस उन्नाव में पलटी, 21 यात्री घायल
उन्नाव ज़िले में बुधवार देर रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से वाराणसी जा रही डबल डेकर स्लीपर बस हसनगंज क्षेत्र के अलीयापुर गांव के पास आगे चल रही गोभी लदी पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 21 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दर्जनों यात्रियों को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। बस में लगभग 60 यात्री सवार थे। मौके पर पहुंची यूपीडा पेट्रोलिंग टीम और पुलिस ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को c भेजा गया।
रात के सन्नाटे में अचानक हुई इस दुर्घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। एक्सप्रेसवे पर गुजर रहे अन्य वाहनों के चालकों ने जब खाई में गिरी बस देखी तो तुरंत कंट्रोल रूम और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंधेरे में टॉर्च की रोशनी में राहत कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई यात्री खुद खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले, जबकि कुछ को काटकर निकाला गया।
सूचना मिलते ही यूपीडा की मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की नाइट पेट्रोलिंग टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई। उसके बाद थाना हसनगंज पुलिस दल भी वहां आ गया। दोनों टीमों ने मिलकर रेस्क्यू शुरू किया। कई यात्री बस की सीटों में फंसे हुए थे, जिन्हें कटर से निकालना पड़ा। करीब एक घंटे की कठिन मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया।
घायलों को पहले पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औरास भेजा गया, जहां से गंभीर स्थिति वाले 21 यात्रियों को लखनऊ के लोकबंधु राजनारायण अस्पताल रेफर किया गया। बाकी यात्रियों को पुलिस ने दूसरी बस की व्यवस्था कराकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। यूपीडा कर्मियों की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि अगर बचाव कार्य देर से शुरू होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।