Delhi: पुरानी दिल्ली (Old Delhi) के तुर्कमान गेट इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ हुई बुलडोजर कार्रवाई के दौरान हुई पत्थरबाजी के मामले में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने कार्रवाई तेज कर दी है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह घटना फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास उस समय हुई, जब नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।
30 लोगों की पहचान, कई गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा फुटेज, बॉडी कैमरा रिकॉर्डिंग और वायरल वीडियो के आधार पर अब तक 30 लोगों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आरोपियों की तलाश जारी है। इसके अलावा, करीब 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान पूरी तरह तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई है और किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जा रहा है। मामले की जांच स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर द्वारा की जा रही है।

तुर्कमान गेट पत्थरबाजी मामले में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121, 123 और 221, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से रोकने वाले कानून की धारा 3, और धारा 191 (दंगा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा सरकारी कर्मचारी पर हमला और ड्यूटी में बाधा डालने से जुड़ी धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य मजबूत हैं और जांच पूरी होने के बाद और गिरफ्तारियां की जाएंगी।
पांच पुलिसकर्मी घायल
पत्थरबाजी की इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। हालांकि, किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का बयान
सेंट्रल रेंज के जॉइंट कमिश्नर मधुर वर्मा ने कहा, “तोड़फोड़ के दौरान कुछ बदमाशों ने पत्थरबाजी कर गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की। स्थिति को सोच-समझकर और न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। दिल्ली पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी न्यायिक निर्देशों को कानूनी, पेशेवर और संवेदनशील तरीके से लागू किया जा रहा है।”
यह भी पढे़ – kathua Encounter Today : कठुआ के बिलावर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी