PM मोदी से अमित शाह तक: नितिन नवीन की ताजपोशी पर किसने क्या कहा

Share This Article

बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फैसला, नितिन नवीन बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक राजनीति में एक बड़ा और दूरगामी असर वाला फैसला लेते हुए बिहार सरकार के मंत्री और बांकीपुर से पांच बार के विधायक नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति की औपचारिक घोषणा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने रविवार को की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय भाजपा संसदीय बोर्ड द्वारा लिया गया है और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

इस आदेश की सूचना पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सभी प्रदेश प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और संगठन महामंत्रियों को भेज दी गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह केवल एक संगठनात्मक बदलाव नहीं है, बल्कि आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की राष्ट्रीय रणनीति को मजबूती देने वाला कदम है।


PM नरेंद्र मोदी ने क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नितिन नवीन को बधाई देते हुए लिखा,

“नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिन्हें संगठनात्मक अनुभव का भरपूर लाभ है और बिहार में विधायक व मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। उन्होंने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अथक परिश्रम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।”

प्रधानमंत्री के इस संदेश को पार्टी के भीतर नितिन नवीन के लिए बड़े भरोसे के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।


अमित शाह बोले—यह हर युवा कार्यकर्ता का सम्मान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी नितिन नवीन को बधाई देते हुए विस्तृत संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा,

“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ नेताओं द्वारा नितिन नबीन जी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं। बीजेपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव हों, बिहार में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष या छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी—उन्होंने संगठन के हर दायित्व को पूरी निष्ठा और सफलता से निभाया है।”

अमित शाह ने आगे कहा कि बिहार में पांच बार विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में नितिन नवीन के पास जनता के बीच लंबे समय तक काम करने का अनुभव है।

“आज उनका राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना दिन-रात परिश्रम करने वाले हर युवा भाजपा कार्यकर्ता का सम्मान है।”


जेपी नड्डा का भरोसा: संगठन नए आयाम स्थापित करेगा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी नितिन नवीन को बधाई देते हुए लिखा,

“ज्ञान और संस्कृति की पुण्यधरा बिहार के ओजस्वी भाजपा नेता एवं बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर आत्मीय बधाई देता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन एवं आपके नेतृत्व में संगठन राष्ट्र व जनसेवा की भावनाओं के साथ नए आयाम स्थापित करेगा।”

नड्डा के इस बयान से साफ है कि पार्टी नेतृत्व नितिन नवीन को संगठन के भविष्य के अहम स्तंभ के रूप में देख रहा है।


राजनाथ सिंह: भाजपा को नई बुलंदियों तक ले जाएंगे

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में नितिन नवीन को युवा और ऊर्जावान नेता बताया। उन्होंने लिखा,

“बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नवीन को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पनाशील व्यक्तित्व के धनी हैं। प्रधानमंत्री के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे।”


CM योगी: ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को करेंगे मजबूत

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नितिन नवीन की नियुक्ति को संगठन के लिए शुभ संकेत बताया। उन्होंने लिखा,

“नितिन नबीन को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व में आप संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता में ‘राष्ट्र प्रथम’ के पवित्र संकल्प को और अधिक पुष्ट करने में सफल होंगे।”

योगी ने भरोसा जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा गरीब-कल्याण, सुशासन और जन-भागीदारी की मूल भावना को नए आयाम देगी।


नीतीश कुमार ने भी दी बधाई

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा,

“नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह खुशी की बात है कि बिहार के रहने वाले नितिन नवीन को यह जिम्मेदारी दी गई है। वे पांचवीं बार विधायक निर्वाचित हुए हैं और हमारे साथ मंत्रिमंडल में ऊर्जावान सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे हैं।”

नीतीश कुमार ने उन्हें समर्पित और अनुशासित राजनीतिज्ञ बताते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।


अन्य नेताओं की प्रतिक्रियाएं

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा,

“एक साधारण कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलती है तो वह भाजपा में ही संभव है। अन्य दलों में परिवारवाद हावी है।”

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने इसे बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि भाजपा की संगठनात्मक संस्कृति पर देश को भरोसा है।

वहीं, भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि एक युवा और अनुभवी नेता को यह जिम्मेदारी देना स्वागत योग्य फैसला है। उन्होंने इसे युवा नेतृत्व को वास्तविक अवसर देने का उदाहरण बताया।

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने बिहार के मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर कहा, “जहां केंद्रीय नेतृत्व ने आज पंकज चौधरी को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है, वहीं एक युवा मंत्री, जो चार बार विधायक रह चुके हैं और बिहार युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं, और जिन्होंने बिहार चुनावों में सक्रियता से भूमिका निभाई थी, उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाना निश्चित रूप से एक सराहनीय कदम है… अब राहुल गांधी और अखिलेश यादव के लिए कोई समस्या नहीं रह गई है… उनके लिए PDA का मतलब केवल परिवार है… प्रधानमंत्री मोदी केवल युवा नेतृत्व की चर्चा नहीं करते; उन्होंने वास्तव में आज युवा नेतृत्व को अवसर प्रदान किया है, और इससे भाजपा में नई शक्ति आएगी.

पार्टी के इस निर्णय को संगठनात्मक दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। नितिन नबीन की तैनाती से राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के संगठन को बेहतर होने की संभावना जताई जा रही है। नितिन नबीन वर्तमान में बिहार के पथ निर्माण और नगर विकास तथा आवास विभाग के मंत्री हैं।

नितिन नबीन भाजपा के प्रमुख नेता नवीन किशोर सिन्हा के बेटे हैं। उनकी पहचान एक भारतीय राजनेता और समाजसेवी के रूप में है और वे कायस्थ समुदाय से संबंधित हैं। वे बिहार प्रदेश में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष का पद भी निभा चुके हैं। उनकी पहचान एक युवा नेता के रूप में रही है। वे बिहार विधानसभा में बांकीपुर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

हालिया बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से नितिन नबीन ने राजद की प्रत्याशी रेखा गुप्ता को 51 हजार से ज्यादा मतों से पराजित किया थानितिन नबीन ने 2020 में लगभग 83,068 मतों के साथ विजय प्राप्त की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी लव सिन्हा (कांग्रेस) को करीब 44,032 मत मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

Are You Satisfied DD News UP

Also Read This