मिर्जापुर जिले में चर्चित जिम जिहाद मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुबई भागने की फिराक में लगे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी इमरान को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे शनिवार को अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर मिर्जापुर भेजा गया है। एसपी सोमेन बर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने बताया कि अब तक जांच में चार वाहन और दो बाइक जब्त की जा चुकी हैं, छह आरोपियों को जेल भेजा गया और पांच जिम सील किए गए हैं। इमरान इस नेटवर्क का मुख्य सूत्रधार है और उसकी आर्थिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में सामने आए जिम धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इमरान खान को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर मिर्जापुर लाई, जहां देहात कोतवाली थाने में उससे पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस इस पूरे मामले को एक संगठित धर्मांतरण नेटवर्क से जोड़कर देख रही है और आरोपी की भूमिका से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की जा रही है।

मिर्जापुर देहात कोतवाली में पूछताछ के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इमरान से फंडिंग, नेटवर्क और काम करने के तरीके को लेकर लगातार सवाल किए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यह मामला केवल मिर्जापुर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार अन्य जिलों और संभवतः देश के बाहर तक जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विवादों में आया KGN जिम इमरान खान द्वारा ही स्थापित किया गया था। बाद में उसने जिम का संचालन अपने परिजनों और रिश्तेदारों को सौंप दिया और खुद प्रॉपर्टी डीलिंग के काम में लग गया। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि जिम की आड़ में किस तरह से युवाओं को प्रभावित कर धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

इस मामले में विदेशी कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। इमरान खान के दुबई और मलेशिया जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं विदेशों से इस नेटवर्क को फंडिंग या किसी प्रकार के निर्देश तो नहीं मिल रहे थे। इसी क्रम में आरोपी के बैंक खातों, कॉल डिटेल्स और डिजिटल साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस ने पहले ही इमरान खान को फरार घोषित करते हुए उस पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा था और लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था। इसी दौरान जब आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से विदेश भागने की कोशिश कर रहा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इमरान से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। फिलहाल मिर्जापुर पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: Unnao Accident News: तेज रफ्तार बाइक हादसा, 2 सगे भाइयों समेत 3 की मौत, कुछ दिन पहले ही बेटी का पिता बना था