लखनऊ। गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी लखनऊ में गुरुवार को उस समय खास नजारा देखने को मिला, जब विधान भवन के सामने से सेना के टैंक और बख्तरबंद गाड़ियां गुजरती दिखीं। जैसे ही ये भारी सैन्य वाहन सड़कों पर आए, वहां मौजूद लोग ठहर गए। राह चलते लोगों ने अपने काम रोक दिए और मोबाइल फोन निकालकर इस दृश्य को कैमरे में कैद करने लगे। दरअसल, यह दृश्य सोमवार को होने वाले गणतंत्र दिवस परेड समारोह की रिहर्सल का हिस्सा था।
गुरुवार को आयोजित पहली रिहर्सल में सेना और अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों ने मार्च-पास्ट किया। इसके साथ ही स्काउट और गाइड की टुकड़ियां भी परेड में शामिल रहीं। पूरी रिहर्सल के दौरान सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया।
परेड के बीच से निकाली गई एम्बुलेंस
रिहर्सल के दौरान एक मानवीय और अनुशासित दृश्य भी देखने को मिला। परेड के बीच अचानक आई एक एम्बुलेंस को तुरंत रास्ता दिया गया। सुरक्षा बलों और परेड अधिकारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए परेड को रोककर एम्बुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता दोनों को उजागर किया।
पूरे प्रदेश में गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को मनाया जाएगा। मुख्य समारोह #लखनऊ में होगा ।इसी क्रम में आज परेड की पहली रिहर्सल नियत मार्ग पर हुई। परेड में सेना के जवानों, अर्ध सैनिक बलों, पुलिस, पीएसी, एनसीसी कैडेट, एनएसएस और स्कूली बच्चों ने भाग लिया। pic.twitter.com/0CCRUoFsEb
— AIR News Lucknow (@airnews_lucknow) January 22, 2026
24 जनवरी को होगी फुल ड्रेस रिहर्सल
प्रशासन की ओर से बताया गया कि 24 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी। इसके बाद 26 जनवरी को मुख्य परेड और आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। इस दौरान राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहेंगे।
ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रिहर्सल और आगामी समारोह को देखते हुए विधानसभा, हजरतगंज, चारबाग और केडी सिंह बाबू स्टेडियम क्षेत्र में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
25 जनवरी से विधानसभा मार्ग रहेगा बंद
25 जनवरी को दोपहर 2 बजे से हजरतगंज चौराहे से रॉयल होटल (बापू भवन) चौराहे तक विधानसभा मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम किए जाएंगे। यह प्रतिबंध 26 जनवरी को परेड समाप्त होने तक लागू रहेगा।
चारबाग और केकेसी क्षेत्र में सुबह से सख्ती
22, 24 और 26 जनवरी को सुबह 8 बजे से चारबाग रेलवे स्टेशन के सामने बालविद्या मंदिर स्कूल के आसपास का इलाका पूरी तरह सील रहेगा। यहां परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों को खड़ा किया जाएगा। ऐसे में आलमबाग, मवैया और बांसमंडी की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
यह भी पढ़े- UP Diwas 2026: अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि, संस्कृति, व्यंजन और विकास का भव्य जनोत्सव



