एटा में प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने केंद्रीय बजट 2026–27 को विकसित भारत के संकल्प को नई गति देने वाला है। उन्होंने बताया कि बायो-फार्मा शक्ति योजना से प्रदेश में फार्मा और मेडिकल डिवाइस निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। पूर्वांचल और बुंदेलखंड के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग से किसानों को फसल और बाजार संबंधी सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। गंगा नदी पर समर्पित इनलैंड वॉटरवेज शिप रिपेयर इकोसिस्टम की स्थापना से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। संदीप सिंह ने कहा कि एटा जनपद भी अपने कई उत्पादों से अब देश में अपनी नई पहिचान स्थापित कर रहा है ये हालिया सरकारों के सही दिशा में काम करने से ही संभव हुआ है। जनपद के प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान केंद्रीय बजट 2026-27 की प्रमुख बातों को विस्तार से रखते हुए कहा कि यह बजट शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत और दूरगामी सोच को दर्शाता है।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें खास तौर पर युवाओं और महिलाओं के कल्याण पर फोकस किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, रोजगार के नए अवसर तैयार करने और कौशल व तकनीकी प्रशिक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं।
संदीप सिंह ने यह भी जानकारी दी कि केंद्रीय बजट 2026-27 में उत्तर प्रदेश को विशेष प्राथमिकता दी गई है। महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए गर्ल्स हॉस्टल जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, वहीं युवाओं के लिए कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल किए गए हैं।

इसके अलावा, प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के उद्देश्य से रेलवे कॉरिडोर जैसी अहम योजनाओं को भी बजट में स्थान दिया गया है। इन योजनाओं से उत्तर प्रदेश के समग्र, संतुलित और तेज विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश और अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह, शीतलपुर ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र सिंह लोधी, जिला महामंत्री सुशील गुप्ता, पंकज चौहान, जितेंद्र दिवाकर, मीडिया प्रभारी अग्रिम जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पत्रकार भी मौजूद थे।