कानपुर नगर के मोतीझील लॉन-3 में ‘यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला-2025’ का शुभारंभ प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उद्यमियों तथा हस्तशिल्पियों से संवाद करते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की बात कही। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुई।
मेले में 70 स्टॉल्स लगाए गए हैं, जिनमें एमएसएमई इकाइयाँ, ओडीओपी उत्पाद, हस्तशिल्पी, कारीगर और स्वदेशी ब्रांड्स ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। प्रमुख प्रतिभागियों में इमरस फ्रेगरेस मुंबई, एमएन जरी जरदोजी उन्नाव, कन्नौज अत्तर एंड हेरिटेज, वुड क्राफ्ट लखनऊ, सूर्या नमकीन कानपुर और बाबा विश्वनाथ (फतेहपुर) शामिल हैं। इन उत्पादों में पारंपरिक शिल्प, सुगंध, वस्त्र, नमकीन और घरेलू उत्पादों की विविधता ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान पर आधारित एक प्रेरणादायक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें बताया गया कि कैसे उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ा रही है। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए देशी उत्पादों के प्रयोग पर जोर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विदेशी वस्तुओं की बजाय भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दें, जिससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिले।
मंत्री ने कहा कि “स्वदेशी मेला केवल व्यापार नहीं, आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश सरकार ने एमएसएमई और ओडीओपी के माध्यम से लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर दिए हैं।” उन्होंने जीएसटी सुधार को देश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे व्यापारियों को सुविधा और पारदर्शिता दोनों मिली हैं।
उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहन देना और उपभोक्ताओं को स्वदेशी उत्पादों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह मेला आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिससे छोटे और मझोले उद्योगों को नई पहचान मिल सके।
मेले में बड़ी संख्या में नागरिक, उद्यमी, व्यापारी और छात्र पहुंचे। सभी ने प्रदर्शित उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई और कई लोगों ने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी की। कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार हर जिले में इस तरह के ट्रेड शो आयोजित कर रही है, ताकि “लोकल से ग्लोबल” की दिशा में राज्य को आगे बढ़ाया जा सके।