India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों (India-US Trade Deal) को लेकर एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ एक महत्वपूर्ण व्यापार समझौते की घोषणा करते हुए भारत पर लगाए गए भारी टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने का ऐलान किया है। यह जानकारी ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर साझा की।
डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई फोन पर बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, ऊर्जा सहयोग और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपना करीबी मित्र बताते हुए एक शक्तिशाली और सम्मानित वैश्विक नेता कहा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप-पीएम मोदी के बीच बातचीत
अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार, यह बातचीत सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक रही। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर लिखा, “आज सुबह प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह मेरे सबसे अच्छे मित्रों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली तथा सम्मानित नेता हैं।”
ट्रंप ने दावा किया कि इस बातचीत के बाद भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी, जिसके तहत अमेरिका भारत पर लगाए गए पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। इससे पहले रूस से तेल खरीद को लेकर भारत पर अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क लगाए गए थे, जिससे कुल टैरिफ 50 प्रतिशत तक पहुंच गया था।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल खरीद कम करने और अमेरिका व संभावित रूप से वेनेजुएला से अधिक ऊर्जा आयात पर सहमत हुए हैं। ट्रंप के अनुसार, इससे यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में मदद मिल सकती है, जिसमें हर सप्ताह हजारों लोगों की जान जा रही है।
हालांकि, इस दावे पर भारत सरकार की ओर से कोई औपचारिक विस्तृत बयान नहीं आया है।

प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी फैसले का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने लिखा कि आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा।
प्रधानमंत्री ने लिखा, “भारत की 140 करोड़ जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का हार्दिक धन्यवाद। जब दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और लोकतंत्र मिलकर काम करते हैं, तो इससे सभी को लाभ होता है।” उन्होंने वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए ट्रंप के नेतृत्व को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भारत रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों में अमेरिका का समर्थन करता है।

भारत-अमेरिका टैरिफ वॉर: पूरी टाइमलाइन
-
2 अप्रैल 2025 – भारत पर 10% बेसलाइन टैरिफ
-
5 अप्रैल 2025 – 26% टैरिफ का एलान
-
9 अप्रैल 2025 – 90 दिनों के लिए टैरिफ स्थगित
-
10 जुलाई 2025 – भारत ने WTO में 32,000 करोड़ की जवाबी ड्यूटी का प्रस्ताव रखा
-
31 जुलाई 2025 – 25% पारस्परिक टैरिफ की घोषणा
-
1 अगस्त 2025 – 25% रेसिप्रोकल टैरिफ लागू
-
6 अगस्त 2025 – रूसी तेल पर 25% दंडात्मक टैरिफ
-
27 अगस्त 2025 – कुल टैरिफ 50% हुआ
-
2 फरवरी 2026 – सभी टैरिफ घटाकर 18% किए गए
🔴50% से सीधे 18% पर आया टैरिफ, PM Modi-Trump की फोन पर हुई बात और डन हो गई India-US Trade Deal |#DonaldTrump #NarendraModi #IndiaUSTradeDeal #TrumpModi #TariffCut #IndiaUSRelations #BreakingNews #WorldPolitics #RussiaUkraineWar #TradeNews pic.twitter.com/m5Z0GwdqWq
— DD Uttar Pradesh(DDUP)डीडी उत्तर प्रदेश(डीडी यूपी) (@DDUttarPradesh) February 3, 2026
अब किस पर कितना टैरिफ ?
अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाने का एलान किया है। अमेरिका के ताजा टैरीफ ऐलान के बाद भारत पर टैरिफ अब एशिया में सबसे कम टैरिफों में शुमार हो जाएगा… अब ये भी जान लीजिए कि किस देश पर कितना टैरीफ है….
भारत – 18% ( ताजा एलान)
पाकिस्तान – 19 %
बांग्लादेश – 20 %
श्रीलंका – 20 %
चीन – 34%
इंडोनेशिया-19 %
वियतनाम- 20 %
ट्रेड डील की अहम बातें
1.अमेरिका भारतीय सामानों पर आपसी टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करेगा
2.ट्रम्प का कहना है कि नया अमेरिका-भारत व्यापार समझौता तुरंत प्रभावी है
3.ट्रम्प का दावा है कि भारत 500 बिलियन डॉलर से ज्यादा का अमेरिकी सामान खरीदेगा
4.भारत टैरिफ और नॉन-टैरिफ बाधाओं को घटाकर जीरो कर देगा
5.ट्रंप का दावा है कि भारत रूसी तेल खरीदना बंद कर देगा
6.भारत तेल की खरीद अमेरिका और संभवतः वेनेजुएला की ओर शिफ्ट कर देगा
7.पीएम मोदी के ट्वीट में तेल या खरीद प्रतिबद्धताओं का जिक्र नहीं है
यह भी पढ़े- सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की भारत यात्रा: द्विपक्षीय संबंधों को नई गति