दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की सेहत सोमवार को अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने के कारण वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रखे हुए है, और अगले 72 घंटे उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
हालांकि, सनी देओल की टीम ने बयान जारी कर इस खबर को अफवाह बताया। बयान में कहा गया, “हमेशा की तरह यह सिर्फ अफवाहें हैं। सर बेहतर हो रहे हैं और ऑब्जर्वेशन में हैं। घबराने की कोई बात नहीं है।”

धर्मेंद्र के परिवार के सदस्य अस्पताल में मौजूद हैं। हेमा मालिनी ने उनसे मिलने अस्पताल का रुख किया, और उनकी बेटियों को अमेरिका से बुलाए जाने की खबरें सामने आई हैं।
हाल ही में उनकी अपकमिंग फिल्म इक्कीस का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसमें उन्होंने शानदार अभिनय किया है। भारतीय सिनेमा में धर्मेंद्र को अक्सर सबसे हैंडसम अभिनेता माना जाता है। देव आनंद ने एक बार कहा था, “ऐसी शक्ल मेरी क्यों नहीं?” वहीं, दिलीप कुमार ने कहा था कि वे अगले जन्म में धर्मेंद्र जैसी शख्सियत पाना चाहते हैं।
उम्र के इस पड़ाव पर भी धर्मेंद्र खुद को फिट रखते हैं और उनका मानना है कि “उम्र सिर्फ एक आंकड़ा है।” उन्होंने श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित के साथ रोमांटिक फिल्म करने की इच्छा भी जताई थी।
