दिल्ली एयरपोर्ट पर 300 उड़ानें लेट, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी खराबी से यात्रियों को परेशानी

Share This Article

दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी से हवाई सेवाएं ठप, यात्रियों हुए परेशान

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को सुबह से हवाई सेवाएं अस्त-व्यस्त हो गईं जब एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते लगभग 300 उड़ानें लैंडिंग के लिए इंतजार करती रहीं। यात्रियों को चेक-इन से लेकर बोर्डिंग गेट तक हर जगह लंबी कतारों का सामना करना पड़ा। इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर जैसी प्रमुख एयरलाइनों ने यात्रियों को सलाह दी कि वे हवाई अड्डे पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट स्टेटस की जानकारी जरूर लें।

स्थिति को संभालने के लिए फिलहाल एयर ट्रैफिक टीम मैन्युअली फ्लाइट शेड्यूल तैयार कर रही है। दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा है कि विशेषज्ञों की टीम समस्या को जल्द सुलझाने में जुटी हुई है, लेकिन सिस्टम के पूरी तरह बहाल होने में अभी कुछ समय लग सकता है।

टर्मिनल-3 पर सुबह यात्रियों की भीड़ देखते ही बनती थी। बोर्डिंग गेट्स के पास “Delayed” के संकेत लगातार चमक रहे थे। वहीं, एक अन्य यात्री ने कहा कि उन्हें डर है कि उनकी कनेक्टिंग फ्लाइट छूट सकती है।

इंडिगो और एयर इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी कि वे फ्लाइट स्टेटस वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर लगातार चेक करते रहें। एयरलाइंस ने यह भी स्पष्ट किया कि देरी एटीसी सिस्टम की तकनीकी समस्या के कारण है, न कि ऑपरेशनल वजहों से। स्पाइसजेट ने कुछ उड़ानों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है ताकि रनवे पर पार्किंग की भीड़ को कम किया जा सके।

दिल्ली एयरपोर्ट से प्रतिदिन लगभग 1,500 उड़ानें संचालित होती हैं। ऐसे में इस स्तर की खराबी से केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि भोपाल, चंडीगढ़, जयपुर और अहमदाबाद जैसे शहरों के हवाई संचालन पर भी असर पड़ा है।

ऑटोमेटिक मैसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में आई गड़बड़ी, मैन्युअल मोड पर चल रहा एटीसी

AAI ने बताया कि खराबी ऑटोमेटिक मैसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में आई है, जो विमान की उड़ान और लैंडिंग से जुड़ी आवश्यक जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को प्रदान करता है। यह सिस्टम ऑटो ट्रैक सॉफ्टवेयर को फ्लाइट प्लान्स और नेविगेशन डेटा भेजता है। इसके फेल होने के बाद कंट्रोलर्स को अब हर उड़ान की जानकारी मैन्युअल रूप से दर्ज करनी पड़ रही है, जिससे कामकाज काफी धीमा हो गया है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उनकी तकनीकी टीम सिस्टम को जल्द बहाल करने के लिए लगातार काम कर रही है। AAI ने कहा, “हम यात्रियों की असुविधा को समझते हैं और हर संभव कोशिश कर रहे हैं कि उड़ान संचालन जल्द सामान्य हो जाए।”

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली अधिकांश फ्लाइट्स में औसतन 50 से 60 मिनट की देरी हो रही है। वहीं, कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें वैकल्पिक समय पर संचालित की जा रही हैं ताकि रनवे पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया जा सके।

एयर ट्रैफिक पर देशभर में असर, जांच शुरू

एटीसी में आई इस तकनीकी गड़बड़ी का असर देशभर के कई एयरपोर्ट्स पर देखने को मिला। कई घरेलू उड़ानें जो दिल्ली से कनेक्टेड थीं, उन्हें देरी से रवाना किया गया। मुंबई, लखनऊ और हैदराबाद एयरपोर्ट ने भी अपनी ओर से ऑपरेशनल अलर्ट जारी किए।

विमानन मंत्रालय ने इस मामले पर रिपोर्ट मांगी है और प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि सिस्टम की मरम्मत के बाद उसकी सुरक्षा और बैकअप व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

फिलहाल, दिल्ली एयरपोर्ट पर स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। यात्रियों को उम्मीद है कि सिस्टम जल्द बहाल होगा और हवाई यात्रा फिर सामान्य गति पकड़ लेगी।

यह भी पढ़े – Delhi-NCR में प्रदूषण से परेशानी, क्या सुबह-शाम की सैर से बचें?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

Are You Satisfied DD News UP

Also Read This