Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के कोरबा जिले से एक ऐसा हैरान कर देने वाला चोरी का मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ स्थानीय लोगों बल्कि प्रशासन को भी होश उड़ा दिए हैं। यहां शहर के मध्य हिस्से में स्थित एक 60 फीट लंबा पुल चोर रातों-रात चोरी कर ले गए। सुबह जब लोग रोज़ की तरह आवाजाही के लिए पहुंचे, तो पुल पूरी तरह गायब था।
यह मामला कोरबा जिले के मध्य भाग से गुजरने वाली हसदेव बाईं तट नहर से जुड़ा है। इस नहर पर करीब 40 साल पहले एक लोहे का पुल बनाया गया था, जिसकी लंबाई लगभग 60 फीट, चौड़ाई 5 फीट और वजन करीब 30 टन बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक रात करीब 11 बजे तक पुल पूरी तरह सुरक्षित था और उस पर आवाजाही हो रही थी, लेकिन सुबह होते ही पुल का नामोनिशान नहीं मिला।

जांच में सामने आया है कि शातिर चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। वे गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और एलपीजी सिलेंडर लेकर पहुंचे और पुल की भारी रेलिंग व लोहे के ढांचे को टुकड़ों में काटकर वाहनों में भरकर फरार हो गए। इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बावजूद किसी को भनक तक नहीं लगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SP सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष जांच टीम और साइबर सेल को लगाया गया है। मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने इस मामले में कुल 15 आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 टन कटा हुआ लोहा, एक टाटा एस वाहन, एक मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, एलपीजी सिलेंडर और 6,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
यह भी पढे़- Kanpur: सट्टा–हवाला रैकेट का भंडाफोड़, 2 करोड़ कैश और 62 किलो चांदी बरामद
